गुरुवार, 17 नवंबर 2016

काले धन के खिलाफ एक आभासी लड़ाई!

भारत और भारतीयता को समझे बिना हो रहे फैसले
-संजय द्विवेदी

  जिस दौर में सुझाव को आलोचना और आलोचना को षडयंत्र समझा जा रहा है, ऐसे कठिन समय में भारतीय संस्कृति और उसकी सामासिकता के अनुगामियों को कुछ असुविधाजनक सवाल पूछने के जोखिम जरूर उठाने चाहिए।
   नोटबंदी से हलाकान देश के सामने कई तथ्य हैं, जो हमें दुखी करते हैं। 7 दिन में 40 मौतों का आंकड़ा देश के आकार के लिहाज से बड़ा नहीं हैं। किंतु इसके इर्द-गिर्द बहुत सारी अन्य सूचनाएं भी हैं, जिनसे जीवन जुड़ा हुआ है, उन पर सोचने की जरूरत है। पुराने नोटों को निष्प्रभावी करना या वापस लेना एक ऐसा फैसला है, जिसकी सीधे तौर पर आलोचना नहीं की जा सकती। इतिहास में कई बार और कई देशों में ऐसा हुआ है। यह आर्थिक क्षेत्र में एक सैद्धांतिक व्यवस्था है।
परेशानहाल है आम आदमीः
सरकार ने कालेधन और आतंकवाद को रोकने की नीयत से यह फैसला लिया है। लेकिन इसमें दो राय नहीं कि सरकार चलाने वाले अगर चतुर हैं, तो काले धन के प्रेत भी कम चालाक नहीं हैं। इस पूरे वाकये में परेशानहाल और मौत के मुंह में जाते वे आम लोग हैं,जिनके पास काला धन क्या, जीवन को ठीक से चलाने भर का सफेद धन भी नहीं है। सरकार को हक है कि वह देश हित में फैसले ले और कड़े फैसले भी ले। किंतु देश के मिजाज, मन और उसकी संस्कृति की समझ के बिना लिए गए फैसले आम जनजीवन में कड़वाहट ही घोलते हैं। इस पूरे फैसले से परेशान वे दिख रहे हैं जो रसूखवाले नहीं हैं, सत्ता और सूचनाओं की दुनिया से जिनका लेना-देना नहीं है। रोक लगते ही जिस तरह जमीन, सोना, हीरे और बहुमूल्य धातुओं में रातों रात जो निवेश हुआ, वह चौंकाने वाला है। कई लोगों ने अपने धन को लोन की तरह बांटा। कुछ ने अपने कर्मचारियों को तीन से चार माह की तनख्वाह बांट डाली। कुछ ने दीवाली के बाद भी बोनस दे डाला। इसमें ज्यादातर पैसा बैंक के पास कहां आया? सोची-समझी रणनीति के तहत कुछ लोगों के लाभ-हानि को देखकर यह कदम उठाया गया लगता है। जिसके नाते कठिनाई सिर्फ आम आदमी के हिस्से आयी। यह देखना बहुत रोचक है कि सरकार के साधारण फैसलों पर सड़कों पर आ जाने वाले उनके सहयोगी संगठन और समविचारी संगठन कहीं जनता की मदद करते नहीं दिखे। जबकि ऐसी आपात स्थितियों में इन संगठनों ने हमेशा सड़क पर उतर कर प्रभावितों की मदद की है। इस दौर में वह जनसेवा की भावना कहां लुप्त हो गयी समझना कठिन है। दूसरा हर मुद्दे पर गली-गली होर्डिंग लगाने वाले, हर बात पर दीवालें रंग देने वाले लोग इस बार कहां गायब हैं। सरकार अपने विज्ञापनों से अपना गाल बजा रही है। उसके समर्थकों ने देश में एक भी होर्डिंग इस क्रांतिकारी फैसले के पक्ष में नहीं लगाया। लगा हो तो मुझे दिखा नहीं। जबकि सर्जिकल स्ट्राइक पर इस समर्थक समूह ने होर्डिंग्स की बाढ़ ला दी थी। अगर ये कार्यकर्ता नोटबंदी के बाद आम घटनाओं की तरह लोगों की मदद के लिए उतरते तो जनता में आक्रोश कम होता।
सामान्य लोग नहीं है अर्थशास्त्रीः
 यह भी मानिए कि आम आदमी अर्थशास्त्री नहीं हैं। उसे नहीं पता कि इन कदमों से कैसे अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। वह तो हो रहे प्रचार का हिस्सा ही है। मीडिया पर अगर यह प्रचार है कि यह कदम देश हित में है तो लोग भी इसे ऐसा ही मानेगें। आम आदमी प्रचार से ही प्रभावित होता है और अपनी राय बनाता है। वह वस्तुस्थिति का विश्लेषण करने की क्षमता नहीं रखता। इस पूरे मामले में सरकार के प्रबंधकों की विफलता यह है कि वे प्रचार में तो जोर से लगे, किंतु लोगों को सुविधाएं मिलें और उनका जीवन सहज हो इसे भूल गए। सरकार समर्थक संगठन भी मौन ओढ़े रहे। जनता की यह अनदेखी इस प्रसंग की सबसे बड़ी चूक है। जबकि हमें यह पता है कि आम लोगों को दर्द मिला, तो वे अच्छे-अच्छे हिटलरों को ठीक कर सकते हैं।
नीतियां लाने से पहले, जानिए देश का मिजाजः
 भारतीय विचार और दर्शन को समझे बिना इस तरह के कदमों से सामान्य तौर पर भारतीय विचारों को प्रोत्साहित करने के बजाए आप लोगों को अपने ही खिलाफ खड़े होने के लिए बाध्य कर रहे हैं। हम इस उम्मीद में खुश हैं कि लोग इस फैसले से बहुत खुश हैं, लेकिन यह तथ्य है या नहीं, इसे जानने की कोशिशें नदारद हैं। सच मानिए यदि इस फैसले से प्रभावी तबका, समर्थ लोग परेशान होकर सामने आते तो सामान्यजन अपने दुख भूल जाते, किंतु यहां दृश्य उलटा है। कुल मिलाकर देश को समझे बिना यह जंग कालेधन के खिलाफ एक आभासी लड़ाई बनकर रह गयी है। यह लेख लिखे जाने तक किसी बड़े पूंजीपति या कालेधन के कारोबारी के हार्टअटैक या अस्पताल जाने की सूचना नहीं है।
  हिंदुत्व व हिंदू संस्कृति के प्रोत्साहकों की सरकार को यह नहीं पता कि देवोत्थान एकादशी(देवउठनी ग्यारस) के बाद देश में मांगलिक कार्य प्रारंभ होते हैं। यही यह वक्त है जब कृषि संस्कृति से जुड़ा यह देश खाद और बीज के लिए बाजारों में होता है। किसान और परिवार दोनों को दुखी करने वाले इस फैसले को लेने वाले लोग क्या भारत और उसकी जड़ों को समझते हैं, यह एक बड़ा सवाल है? देवउठनी ग्यारस के बाद मांगलिक कामों का सिलसिला प्रारंभ हो रहा है, उसमें इस एक फैसले ने कैसी विषबाधा धोली है, इसे वे ही समझ सकते हैं, जिनके परिवारों में विवाह हैं। जिस देश में सिर्फ 2.6 करोड़ लोग प्लास्टिक मनी का इस्तेमाल करते हों, वहां ऐसे समय में यह फैसला शादी वाले परिवारों और किसानों पर क्या प्रभाव डालेगा कहने की जरूरत नहीं है। राज्यकर्ताओं को ऐसे फैसले लेते समय यह तो पता होना चाहिए कि यह मौसम फसल बोने का है। किसान को खाद और बीज की जरूरत है। मंडियों में फसल पड़ी है, उसका भुगतान भी किसान को चाहिए, किंतु व्यापारी मंडियों से गायब हैं क्योंकि बड़े नोटों से अभी व्यापार संभव नहीं हैं। क्या यह लड़ाई सच में काले धन के खिलाफ है या आम लोगों के, यह समझ से परे है। जनता को जो कठिनाई हो रही है, उसका प्रमुख कारण निश्चित ही सरकार का कमजोर होमवर्क है।

      सच तो यह है कि भारत की जनशक्ति को अपने विकास का आधार बनाने के बजाए पूंजीकेंद्रित उदारवाद की स्थापना का मार्ग प्रशस्त करने के लिए ये सारे कदम उठाए जा रहे हैं। जिसमें कुछ ताकतवर और सत्ताकेंद्रित लोगों को लाभ मिलना तय है। ऐसे कठिन समय में जब सारा देश लाइनों में हैं, ठीक उसी वक्त यह सूचना भी दुखी करती है कि स्टैट बैंक आफ इंडिया विजय माल्या सहित 63 डिफाल्टरों को सात हजार करोड़ रूपए का कर्ज माफ कर रहा है। क्या ये सूचनाएं जले पर नमक छिड़कने जैसी नहीं है? देश में छोटे कुटीर उद्योगों के बजाए कैपिटल मार्केट और वायदा कारोबार को मजबूती देती सूचनाएं आखिर क्या बता रही हैं? क्षमा कीजिए, यद्यपि इस सरकार की भाषा भारतीय संस्कार और भारतीय संस्कृति के पुरस्कर्ता की है, किंतु आचरण औपनिवेशिक तथा पूंजीकेंद्रित उदारवाद को विकसित करने का है।

शनिवार, 12 नवंबर 2016

अपनी अस्मिता के आधार पर खड़ा हो भारतः सुरेश सोनी






भोपाल,12 नवंबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहसरकार्यवाह सुरेश सोनी का कहना है कि भारत को अपनी अस्मिता के आधार पर खड़ा करना होगा, किंतु यह भारत को समझे बिना नहीं होगा। भारत क्या है, हम इसे नहीं समझे तो कुछ का कुछ बना बैठेगें।  आज यहां विधानसभा परिसर में भारत भवन न्यास और प्रज्ञा प्रवाह द्वारा आयोजित लोकमंथन के शुभारंभ सत्र में बीज वक्तव्य देते हुए श्री सोनी ने कहा कि भारत में कई तरह के संवाद की परंपरा है जिसमें सर्वोत्तम वाद है क्योंकि इसमें उचित का स्वीकार और अनुचित का अस्वीकार होता है। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी, राज्यपाल प्रो. ओ.पी. कोहली, विधानसभा अध्यक्ष डा.सीताशरण शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद एवं विचारक डा. विनय सहस्त्रबुद्धे, संस्कृति मंत्री सुरेंद्र पटवा, संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव मनोज श्रीवास्तव, प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक डा.सदानंद सप्रे मौजूद थे। 
  श्री सोनी ने कहा कि भारत आज कोरी स्लेट नहीं है बल्कि उसे दो तरह की स्थितियों का सामना कर पड़ रहा है। एक तरफ हजारो-हजार सालों की अनुभूतियों के आधार पर बने जीवनमूल्य हैं, सामाजिक-आर्थिक-सांस्कृतिक रचनाएं हैं तो दूसरी ओर नई विचारधाराओं के आक्रमण के कारण यहां के समाज की रचनाओं को अपने अनूकूल ढालने की कोशिशें हैं। इसके चलते दोनों के बीच संघर्ष की स्थिति है। हमें भारत की वास्तविक पहचान को स्थापित करने के लिए देश को अपनी अस्मिता के आधार पर ही खड़ा करना होगा। ओझल हो चुके भारत को समझने का प्रयास करना होगा।
अपनी आत्मा का साक्षात्कार करे भारतः
उन्होंने 1921 में श्री रवींद्र नाथ टैगोर के भाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को अपनी आत्मा का साक्षात्कार करना होगा तभी हम उपनिवेशवाद के घातक प्रभावों से मुक्त हो सकते हैं। उन्होंने कहा नवउदारवाद, भूमंडलीकरण आज उपनिवेशवाद के नए चेहरे हैं। साहित्य,संगीत,कला, मीडिया और समाज में इनके नकारात्मक प्रभाव दिखने लगे हैं। राष्ट्र की शब्द की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र शब्द नेशन का अनुवाद नहीं है। क्योंकि हर शब्द के पीछे एक अलग परंपरा और जीवनदृष्टि होती है। पश्चिम के राष्ट्र जब सबल हुए तो उन्होंने समूची दुनिया में कालोनियां बनाई और उनका शोषण किया। जबकि भारतीय राष्ट्र जब सबल हुआ तो विदेशों में गए भारतीयों ने न सिर्फ उनकी अस्मिता का संरक्षण किया, उन्हें नई प्रविधियां सिखायीं और उनके विकास में योगदान किया।यह दो राष्ट्रों की प्रकृति का अंतर भी है। इसलिए अपनी अस्मिता के आधार पर ही इस राष्ट्र को खड़ा करने की जरूरत है। एक ओझल हो गए भारत को समझने की जरूरत है। उन्होंने 1921 में श्री रवींद्र नाथ टैगोर के भाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें भारत की आत्मा का साक्षात्कार करना होगा तभी हम उपनिवेश वाद के घातक परिणामों से मुक्त हो सकते हैं। नवउदारवाद, भूमंडलीकरण जैसे परिणाम दरअसल उपनिवेशवाद के ही नए रूप और विस्तार हैं। साहित्य, संगीत, कला, मीडिया सब पर इनका प्रभाव दिखता है। इसे बदलने की जरूरत है। श्री सोनी ने कहा कि हम विविधता से एकता को नहीं मानते बल्कि हमारा कहना है एक ही अनेक हुआ है इसलिए इनमें विरोध नहीं है। इस विचार से समन्वय और सौहार्द बनता है। ये विविधताएं मिलजुल कर रहें तो सबका उत्थान होगा। परिवार को भारतीय संस्कृति का सबसे महत्वपूर्ण अंग बताते हुए उन्होंने कहा कि आज जरूरत इसी असली और खो गए भारत को तलाशने की है। टूटी हुयी कड़ियों को जोड़ने की है।
आत्मनिर्भर थे हमारे गांवः
श्री सोनी ने कहा कि हमारे गांव आत्मनिर्भर थे। वे स्वयं में एक पूर्ण ईकाई थे। सामान्य शब्दों में बहुत महत्वपूर्ण जीवन दर्शन लोगों के जीवन का हिस्सा था। इसलिए हम प्रकृति, पर्यावरण और परिवार सबकी रक्षा कर पाए। उनका कहना था कि अस्तित्व, अस्मिता और अहंकार के तीन शब्दों को समझना जरूरी है। अस्तित्व तो आवश्यक है। अस्मिता की भी रक्षा होनी चाहिए। जबकि अहंकार से बचना होगा। अस्मिता जब अहंकार से जुड़ जाती है तो खतरनाक हो  जाती है। इससे एकता को खतरा पैदा होता है और समाज विभाजित होता है। भारत ने इस भाव को समझ कर ही इसे साध लिया था अन्यथा आजादी के बाद 565 राज्य बहुत आसानी के साथ भारत से जुड़ गए। इसका कारण हमारी अंतर्निहित विविधता और चेतना ही थी।
शब्दों,रंगों की भी है एक दुनियाः श्री सुरेश सोनी ने अपने विद्वतापूर्ण संबोधन में कहा कि शब्दों, रंगों, स्वरों, रेखाओं, भावों-भंगिमामों की भी एक बड़ी दुनिया है। यह सब मिलकर भारत की हर विधा में अभिव्यक्त होते हैं। अकादमिक विश्वेषण से आगे बढ़कर एक नई शुरूआत करने की जरूरत है। इसलिए लोकमंथन सिर्फ चिंतकों-विचारकों-कलाकारों ही नहीं बल्कि कर्मशीलों की उपस्थित से भी समृद्ध हुआ है।  
विश्व को बाजार मानता है पश्चिमःस्वामी अवधेशानंद गिरी
 कार्यक्रम के मुख्यअतिथि महामंडलेश्वर जूना अखाड़ा स्वामी अवधेशानंद गिरी ने कहा कि हमारी संस्कृति लोकमन के साथ द्वेष रहित चिंतन, एकत्व, सामाजिक समरता का चिंतन करती है। लोकमन आहत न हो इसका हमेशा विचार किया। लोगों के मन आहत न हों यह हमारी सबसे बड़ी सोच है।
   उन्होंने कहा हम पूरे विश्व को एक परिवार समझते हैं जबकि पश्चिम इसे बाजार समझता है। भारतीय जीवन मूल्यों में सदैव समता, समानता और सामान्य जन, पशु-पक्षी के अधिकारों  चिंता रही है। प्रत्येक के जीवन का अधिकार रहा है। इसलिए हम अन्न को औधषि और जल को देवता मानते हैं। आज जड़ों से उखड़ने का कारण हम अपने अधिकारों के प्रति तो जागरूक हैं किंतु कर्तव्यों के प्रति सिथिल होते जा रहे हैं। शुचिता और योग्यता के बिना भी पाने की लालसा बढ़ रही है। परंपरा और मूल्यों के प्रति उदासीनता हमारे लिए चिंता का विषय है। आज हम अच्छा बनने के लिए बल्कि अच्छा दिखने के लिए जतन करते हैं। जबकि हमें अपने कर्मों से बड़ा बनना है, विचारों से बड़ा दिखना है। विचार और त्याग के आधार पर हम बड़े बने तो ही सार्थकता है। स्वामी जी ने कहा कि लोकमंथन की सार्थकता इसमें है कि हम आनंद का विस्तार करने की विधियां खोज पाएं। अपने आध्यात्मिक स्वभाव के जागरण से यह संभव है। इससे हमें रसानुभूति और सुखानुभूति दोनों होगी।
उन्होंने जमीनें जीती पर दिल नहीं जीत सकेः
उपनिवेशवादी राष्ट्रों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा वे राष्ट्र जमीनों को जीत पाए पर दिलों को नहीं जीत सके। हमारा देश अपनी जड़ों की ओर लौट रहा है इसलिए शासन भी ऐसे विमर्शों के लिए तैयार दिखता है। पहले भी हमारे शासक ही ऐसे विमर्शों का आयोजन करते थे जहां सामाजिक संकटों के हल खोजे जाते थे। मध्यप्रदेश उस परंपरा संवाहक बना है।यह हर्षवर्धन और विक्रमादित्य की परंपरा है जहां बौद्धिक समाज के संवाद कर लोकमंगल के सूत्र खोजे जाते हैं। उनका कहना था कि लोकमंथन इस अर्थ में बहुत महत्व का है क्योंकि यहां शासक, प्रशासक और उपासक एक साथ बैठकर विमर्श कर रहे हैं।
जड़ों से उखाड़ रही है आधुनिक शिक्षाः
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राज्यपाल प्रो. ओ.पी.कोहली ने कहा कि आधुनिक शिक्षा प्रणाली हमें जड़ों से उखाड़ रही है। उपनिवेशवाद से लड़ने के लिए हमें प्रबल स्वदेशी आंदोलन की जरूरत है। महर्षि अरविंद की याद दिलाते हुए राज्यपाल ने कहा कि हमें अपनी जड़ों की तरफ लौटना होगा, परिर्वतन को स्वीकार करना होगा। उन्होंने कहा भारत एक प्रकार के उपनिवेशवाद का शिकार रहा है और अब एक नए तरह के उपनिवेशवाद का सामना कर रहा है। भक्ति आंदोलन का उल्लेख करते हुए श्री कोहली ने कहा कि इसने हमें सांस्कृतिक पराजय से बचाया, भले हम राजनीतिक रुप से उस समय पराजित हुए हों। हमारी संस्कृति में सार्वभौमिकता के तत्व निहित हैं। भारत ने कभी संकीर्णता का रास्ता नहीं अपनाया। एक परमतत्व सबमें व्याप्त है, हम यही मानते हैं। भारत जैसा देश जो विविधताओं का केंद्र है इसलिए बचा रहा क्योंकि हमारे पास एक सनातन संस्कृति थी। सार्वभौमिकता के संस्कार थे। महात्मा गांधी याद करते हुए राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपिता हमें हिंद स्वराज के माध्यम से उपनिवेशवाद से लड़ने की प्रेरणा देते हैं।
लोकमंथन से निकलेगा अमृतः शिवराज सिंह चौहान
 कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत भाषण करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सवा साल में बौद्धिक विमर्शों की कड़ी में यह छठवां आयोजन है। भारत की प्राचीन और महान संस्कृति का पुर्नपाठ हमें हमारी जड़ों से जोड़ता है। जीवन, परंपरा और लोकजीवन से जुड़कर हो रहा यह लोकमंथन लोकजीवन के अनेक रंगों से भरा-पूरा है। यह बात हमें बताती है पैसे,पद, सुविधा और भौतिकता से वास्तविक आनंद नहीं मिलेगा। इस दौड़ में लगी दुनिया को भारत ही वास्तविक मार्गदर्शन कर सकता है। लोकमंथन में हमारे समय की चुनौतियों पर व्यापक विमर्श से अमृत निकलेगा। यह अमृत ही हमारे लिए पाथेय होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के रास्ते पर चलकर ही दुनिया में सुख और शांति स्थापित की जा सकती है। क्योंकि हम सब विविधताओं और विचारों को स्वीकारने वाले लोग हैं औऱ पूरी दुनिया को एक परिवार की तरह देखते हैं। उन्होंने कहा कि भारत का तो 5000 साल का ज्ञात इतिहास ही है। वेदों की ऋचाएं, तक्षशिला और नालंदा के विश्वविद्यालय हमें हमारी उंचाई बताते हैं। उन्होंने कहा स्वामी विवेकानंद ने शिकागो में अपने व्याख्यान में साफ कहा था कि हर मार्ग से आप पहुंचते परमात्मा के पास हो। यह संस्कृति जियो और जीने दो का मंत्रजाप करती है तौ वसुधैव कुटुम्बकम् उसकी विरासत का हिस्सा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उज्जैन में हुए विचार कुंभ के 51 अमृत बिंदु हमने पूरी दुनिया में पहुंचाए, लोकमंथन से निकले अमृत को भी प्रचारित और प्रसारित करेगें।
हमें उम्मीदों से देख रही है दुनियाः विनय सहत्रबुद्धे
  विचारक एवं सांसद डा. विनय सहत्रबुद्धे ने लोकमंथन की संकल्पना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तीन दिवसीय विमर्श में उपनिवेशवाद और औपनेवेशिक मानसिकता का लेखा जोखा लेने के साथ-साथ अस्मिता और अविष्कार से जुड़े विषयों पर बात होगी। यह एक सामूहिक चिंतन है जो स्वदेशी को युगानुकूल और विदेशी को स्वदेशानुकूल बनाने की भावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि दुनिया भारत को उम्मीदों से देख रही है। हमारा दायित्व है कि हम इस जिम्मेदारी को स्वीकारें। डा. सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि हमारी उपनिवेशवादी मानसिकता है।
 कार्यक्रम का संचालक डा.गीता भट्ट ने किया तथा आभार ज्ञापन प्रमुख सचिव संस्कृति मनोज श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अथितियों को संस्कृति मंत्री सुरेंद्र पटवा ने प्रतीक चिन्ह भेंट किए।


शुक्रवार, 11 नवंबर 2016

एक आकांक्षावान भारत का उदय !


भोपाल में आयोजित लोकमंथन के बहाने उपजे कई सवाल
-संजय द्विवेदी


  लगता है देश ने अपने आत्म को पहचान रहा है। वह जाग रहा है। नई करवट ले रहा है। उसे अब दीनता नहीं, वैभव के सपने रास आते हैं। वह संघर्ष और मुफलिसी की जगह सफलता और श्रेष्ठता का पाठ पढ़ रहा है। वह आत्मदैन्य से भी मुक्त होता हुआ भारत है। वह इंडिया से अलग बनता हुआ भारत है, जिसने एक नई यात्रा प्रारंभ कर दी है। भोपाल में दिनांक 12 से 14 नवंबर को आयोजित लोकमंथन एक ऐसा ही आयोजन है, जिसमें लोकदृष्टि से राष्ट्रनिर्माण पर विमर्श होगा। इस आयोजन के अनेक प्रश्नों के ठोस और वाजिब हल तलाशने की कोशिश देश के बुद्धिजीवी और कलावंत करेगें। लोकमंथन के इस महत्वाकांक्षी आयोजन के पीछे संघ परिवार और मध्यप्रदेश सरकार की मंशा दरअसल भारत में चल रहे परंपरागत बौद्धिक विमर्श से हटकर जड़ों की ओर लौटना भी है। अपने इस उपक्रम में यह आयोजन कितना सफल होगा, यह कहा नहीं जा सकता। किंतु ऐसे एक ऐसे विमर्श को चर्चा के केंद्र में लाना महत्व का जरूर है, जिसे या तो हाशिए पर लगा दिया गया या उसका विदेशी विचारों के चश्मे से मूल्यांकन कर लांछित किया गया।
   सदियों से विदेशी विचारों और विदेशी अवधारणाओं से धिरी भारत की बौद्धिक चेतना एक नए तरह से करवट ले रही है। इस नए भारत के उदय ने उम्मीदों का भी जागरण किया है। इसे आकांक्षावान भारत भी कह सकते हैं। उसकी उम्मीदें, सपने और आकांक्षाएं चरम पर हैं। वह अपने गंतव्य की ओर बढ़ चला है। सन् 2014 में हुए लोकसभा के चुनाव दरअसल वह संधिस्थल है, जिसने भारत को एक नई तरह से अभिव्यक्त किया। यह भारत परंपरा से चला आ रहा भारत नहीं था। यह नया भारत सपनों की ओर बढ़ जाने का संकल्प ले चुका था।
भारतीयता को मिला नया आकाशः  इस चुनाव के बहाने नरेंद्र मोदी सरीखा नायक ही नहीं मिला बल्कि जड़ों से उखड़ चुकी भारतीयता की चेतना को एक नया आकाश मिला। एक नया विहान मिला। विदेशी विचारधाराओं की गुलामी कर रहे भारत के बौद्धिक वर्ग के लिए यह एक बड़ा झटका था। उन्हें यह राजनीतिक परिवर्तन चमत्कार सरीखा लगा, किंतु वह उसे स्वीकारने के लिए तैयार नहीं था। आज भी नहीं है। लुटियंस जोन में भारतीय भाषाओं में संवाद करने वाले राजनेता को देखकर औपनेवेशिक मानसिकता से ग्रस्त बुद्धिजीवी इस परिवर्तन को हैरत से देख रहे थे। वे पुरस्कार वापसी से लेकर तमाम षडयंत्रों पर उतरे किंतु उससे क्या हासिल हुआ? देश में आज भी ब्रेकिंग इंडिया ब्रिगेड सक्रिय है, जिसका एकमात्र सपना इस देश को तोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास करना है। वे स्थानीय असंतोष और साधारण घटनाओं पर जिस तरह की प्रतिक्रिया और वितंडा खड़ा करते हैं, उससे उनके इरादे साफ नजर आते हैं। एक शक्तिमान, सुखी, सार्थक संवाद करता हुआ भारत उनकी आंखों में चुभता है। वे निरंतर अपने अभियानों में नकारे जा रहे हैं। विरोध के लिए विरोध की राजनीति का अंत क्या होता है, सबके सामने है। भारत को जोड़ने और राष्ट्रीयता और एकात्मता पैदा करने वाले विचारों के बजाए समाज की शक्ति को तोड़ने और भारतीयता के सारे प्रतीकों को नष्ट करने के में लगी शक्तियों के मनोभाव समाज समझ चुका है। अब वह खंड-खंड में सोचने के लिए तैयार नहीं है। वह भारतीयता के सूत्रों का पाठ कर रहा है, पुर्नपाठ कर रहा है। भारत एक शक्ति पुंज के नाते दुनिया के सामने भी है। एक मुखर नेता के नेतृत्व और प्रखर आत्मविश्वास के साथ। ऐसे में यह बहुत जरूरी है कि हम औपनेवेशिक मानसिकता से मुक्ति पाएं और भारत के सनातन मार्ग पर आगे बढ़ें।
अवसरों के खुले द्वार और वैभव के सपनेः नए बदलावों ने समाज के आत्मविश्वास और मनोबल को बढ़ाने का काम किया है। सही मायने में यह अवसरों का भी जनतंत्र है। जहां सपने देखना कुछ सीमित लोगों का काम नहीं है। समूचा समाज सपने देख सकता है और उसमें रंग भरने के लिए सार्थक यत्न कर सकता है। ऐसे समय में भारतीयता की जड़ों पर प्रहार करना। अस्मिता के सवालों को उठाकर समाज की सामूहिक शक्ति और उसकी चेतना पर आधात करना कुछ विचारधाराओं का लक्ष्य बन गया है। इसीलिए जब भारत तेरे टुकड़े होगें..” के नारे लगते हैं तो कुछ लोगों को दर्द नहीं होता, बल्कि वे नारेबाजियों के पक्ष में खड़े दिखते हैं। देश को तोड़ने, समाज को तोड़ने के हर प्रयत्न में ये लोग सक्रिय दिखते हैं। उन्हें भारत की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव के सूत्र नहीं दिखते। भारत और उसके लोग कैसे अलग-अलग हैं, इसी विचार को स्थापित करने में उनकी पूरी शिक्षा-दीक्षा, शोध,विचारधारा और संगठन लगे हैं। बावजूद इसके भारत एक राष्ट्र के नाते निरंतर आगे बढ़ रहा है। इसका श्रेय इस देश की महान जनता को है, जो इतने वैचारिक, राजनीतिक षडयंत्रों के बाजवूद अपने लक्ष्य से हटे बिना एक राष्ट्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दे रही है। हमें इस षडयंत्रों को विफल करने के लिए ऐसे सचेतन प्रयास करने होगें जिससे भारत का एकत्व और आत्मविश्वास स्थापित हो। हम ऐसे सूत्रों को सामने लाएं, जिससे भारत की बड़ी पहचान यानि राष्ट्रीयता स्थापित हो।
आध्यात्मिक चेतना से ही मिलेगा मार्गः हमारी विविधता और बहुलता को व्यक्त करने और स्थापित करने के लिए हमारी आध्यात्मिक चेतना का साथ जरूरी है। भारत की आत्मा और उसकी तलाश करने के प्रयास जिस तरह महर्षि अरविंद, स्वामी विवेकानंद, स्वामी दयानंद, महात्मा गांधी, डा. राममनोहर लोहिया, पं. दीनदयाल उपाध्याय, नानाजी देशमुख ने किया है हमें उसका पुर्नपाठ करने की जरूरत है। हमें यह सत्य समझना होगा कि भारत भले भौगोलिक रूप से एक न रहा हो, किंतु वह एक सांस्कृतिक धारा का उत्तराधिकारी और सांस्कृतिक राष्ट्र है। आज के समय में जब पूरी दुनिया एक सांस्कृतिक और वैचारिक संकट से गुजर रही है, तब भारत का विचार ही उसे दिशा दे सकता है। क्योंकि यह अकेला विचार है जिसे दूसरों को स्वीकार करने में संकट नहीं है। शेष सभी विचार कहीं न कहीं आक्रांत करते है और अधिनायकवादी प्रवृत्तियों से भरे-पूरे हैं। भारत दुनिया के सामने एक माडल की तरह है, जहां विविधता में ही एकता के सूत्र खोजे गए हैं। स्वीकार्यता, अपनत्व और विविध विचारों को मान्यता ही भारत का स्वभाव है। इस देश को जोड़ने वाली कड़ी ही लोक है। यह अध्ययन करने की जरूरत है कि आखिर वह क्या तत्व हैं, जिन्होंने इस देश को जोड़ रखा है। वे क्या लोकाचार हैं जिनमें समानताएं हैं। वे क्या विचार हैं जो समान हैं। समानता के ये सूत्र ही अपनेपन का कारण बनेगें। भारतीयता की वैश्विक स्वीकृति का कारण बनेगें। भोपाल का लोकमंथन अगर इस संदर्भों पर नई समझ दे सके तो बड़ी बात होगी।
(लेखक माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में जनसंचार विभाग के अध्यक्ष हैं)


शनिवार, 5 नवंबर 2016

एक बेहतर दुनिया के लिए लोकमंथन


भोपाल में आयोजित विमर्श से एक नई राह का इंतजार
-संजय द्विवेदी

    समाज जीवन के विविध क्षेत्रों में कार्यरत युवा एक होकर, एक मंच पर आकर अगर राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ देश के संकटों का हल खोजें तो इससे अच्छी क्या बात हो सकती है। भोपाल में 12 से 14 नवंबर को तीन दिन के लोकमंथन नामक आयोजन की टैगलाइन ही है-'राष्‍ट्र सर्वोपरि' विचारकों एवं कर्मशीलों का राष्‍ट्रीय विमर्श। जाहिर तौर पर एक सरकारी आयोजन की इस प्रकार भी भावना चौंकाती है और इसके छिपे इरादों पर सोचने के लिए विवश भी करती है। आखिर मध्यप्रदेश की सरकार को ऐसा अचानक क्या हुआ कि उसने विमर्शों की बाढ़ ला दी है। विश्व हिंदी सम्मेलन की मेजबानी के बाद उज्जैन में विचार महाकुंभ और अब लोकमंथन। निश्चय ही सत्ता और राजनीति के अपने गणित होते हैं किंतु सरकारें अगर लोक को अपने विचार के केंद्र में ले रही हैं तो निश्चय ही उसे सराहा जाना चाहिए। लोकमंथन की जो रचना बन रही है वह आश्वस्ति जगाती है कि इसमें सारा कुछ सरकारी नहीं है। एक समावेशी संस्कृति के उत्तराधिकारी हम लोग अपने उपेक्षित पड़े लोक और जनमानस की चेतना में बसे भारत को ही खोजने और जगाने के प्रकल्पों की ओर बढ़ना चाहते हैं। लोकमंथन की वेबसाइट http://lokmanthan.org/ पर जाकर इसके उद्देश्यों और संकल्पों की झलक पायी जा सकती है। लोकमंथन सही मायने में अपने इरादों में कामयाब रहा तो यह जड़ों से विस्मृत हो रही भारतीयता के उत्कर्ष का प्रकल्प बन सकता है। एक सरकारी आयोजन होने के नाते इसकी सीमाओं का रेखांकन अभी से लोग कर रहे हैं और करना भी चाहिए। किंतु हमें यह मानना ही होगा कि देश बुद्धिजीवी और विचारवंत तबके की अपनी सोच है, वह उसे कहीं से भी साहस से व्यक्त करता है। ऐसे में जिन विद्वानों, कलावंतों और युवाओं के नाम इस आयोजन के आमंत्रितों की सूची में है देश के लिए एक उम्मीद और उत्साह जगाने वाले ही हैं।

    भारत जैसे देश में जहां समावेशी संस्कृति उसकी जड़ों में है, को पूरी दुनिया उम्मीद से देख रही है। क्योंकि यह अकेला देश है जो अपने रचे सत्य पर मुग्ध नहीं है। यह जड़वादी और कट्टरता का पोषक नहीं है। इसमें दूसरों अच्छे विचारों को स्वीकार करने का साहस और सलीका मौजूद है। विचारों की विभिन्नता से घबराता नहीं बल्कि उसमें से भी मोती चुनने का साहस रखता है। बुद्ध, महावीर, नानक, कबीर, शंकराचार्य से लेकर दयानंद तक अपने समय के विद्रोही ही थे। वे अपनी परंपरा में नए विचारों को जोड़ना चाहते थे। देश ने उन्हें सुना और सराहा जो लेने योग्य था उसे ग्रहण भी किया। इस्लाम और ईसाइयत के भी गुणों को सहजता से स्वीकारने में भारत ने गुरेज नहीं किया। आज जबकि भौगोलिक राष्ट्रवाद की सीमाएं स्पष्ट हो चुकी हैं और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद भी सवालों में है तब हमें अपने उस लोक के पास जाकर संकटों के समाधान तलाशने होगें। जिसे हम कभी हिंदुत्व तो कभी भारतीयता कहकर संबोधित करते हैं।

लोगों से बनता है राष्ट्रः

 उदारता, सौजन्यता,विविधता, बहुलता और स्वीकार्यता के पांच मंत्रों से ही एक सुंदर दुनिया बनाई जा सकती है। उदार चरितानाम् वसुधैव कुटुम्बकम् कहकर हम इसका स्वप्न सदियों से देखते रहे हैं। उदारवादी परंपराओं का संयोजन करके दुनिया को एक बेहतर दुनिया बनाना सदियों से भारत का स्वप्न रहा है। हमारे वेदों ने जहां हमें सिखाया कि हमारे मन उदार हों। वहीं हमारे उपनिषद् की परंपरा हमें हमारे अंतस् को खोजने की परंपरा से जोड़ती है। ध्यान परंपरा से जोड़ती है। उदारवाद को जमीन पर उतारना करूणा, बंधुत्व और सहयोग के बिना असंभव है। भारत की मूल्य चेतना में ये तीनों तत्व समाहित हैं। हमें अपने राष्ट्र या देश को उसी भावना के साथ फिर तैयार करना है। जिसमें जमीन नहीं, संसाधन नहीं उसके लोग केंद्र में होगें। क्योंकि कोई भी राष्ट्र लोगों से बनता है, उनके सपनों से बनता है। लोगों के आचार-व्यवहार पर उसकी संस्कृति विकसित होती है। इसके साथ ही हमें जीवन को सुखी बनाने के सूत्र भी अपने लोक से तलाशने होगें। भारतीय ज्ञान परंपरा और उसके स्रोत अभी सूखे नहीं है। हमें जड़ों से जुड़ने और खुद की पहचान को फिर से स्थापित करने की जरूरत है। भारतीय मन और लोकजीवन अपनी स्वाभाविकता में ही लोकतांत्रिक है। लोकतंत्र तो सामूहिकता का ही विचार है। इसमें कट्टरता और जड़ता के लिए जगह कहां है ?

लोकशक्ति को जगाने की जरूरतः

  लोकमंथन के बहाने हमें एक नया समाज दर्शन भी चाहिए जिसमें राजनीति नहीं लोक केंद्र में हो। समाज का दर्शन और राजनीति का दर्शन अलग-अलग है। राजनीति का काम विखंडन है जबकि समाज जुड़ना चाहता है। राजनीति समाज को लडाकर, कड़वाहटें पैदाकर अपने लक्ष्य संधान करती है। ऐसे में राजनीति और समाज में अंतर करने की जरूरत है। वैचारिक शून्य को भरे बिना, जनता का प्रशिक्षण किए बिना यह संभव नहीं है। हमें इसके लिए समाज को ही शक्ति केंद्र बनाना होगा। लोगों की आकांक्षाएं, कामनाएं, आचार और व्यवहार मिलकर ही समाज बनाने हैं। इसलिए एक सामाजिक संस्कृति पैदा करना आज की बड़ी जरूरत है। जो कमजोर होते, टूटते समाज को शक्ति दे सके। लोगों को राजनीतिक रूप से साक्षर करना, राजनीति की सीमाएं बताना भी जरूरी है ताकि लोग राजनीति की विवशताएं भी समझ सकें। इस लोक को जगाकर ही गांधी ने अंग्रेजों की शैतानी सभ्यता की चूलें हिला दी थीं और भद्र लोक तक सीमित कांग्रेस को एक जनांदोलन में बदल दिया था। लोकशक्ति का जागरण और उसका संगठन ही लोकमंथन की सार्थकता होगा। राज्यशक्ति ने जिस तरह निरंतर लोकशक्ति को कमजोर किया है। लोकशक्ति की सामूहिकता को नष्ट किया है उसे जगाने की जरूरत है। गांधी के बाद आजाद भारत में विनोबा भावे, जयप्रकाश नारायण, नाना जी देशमुख ने भी लोकशक्ति के जागरण के प्रयोग किए थे। हमें उनकी दिखाई राह और उनके प्रयोगों को दुहराने की जरूरत है। यह लोकशक्ति ही सत्तातंत्र को निरंकुश होने से रोकने की गारंटी है।

 

आध्यात्मिक अनुभवों का साक्षीः

  इसमें कोई दो राय नहीं कि वेदों से लेकर आज के युग तक भारत की प्राणवायु धर्म है। वही हमारी चेतना का मूल है। यह धर्म ही हमारी सामाजिक संस्कृति का निर्माता है। आध्यात्मिक अनुभवों और अंतस् की यात्रा के व्यापक अनुभवों वाला ऐसा कोई देश दुनिया में नहीं है। भारत का यह सत्व या मूल ही उसकी शक्ति है। जिन्हें धर्म का अनुभव नहीं वे विचारधाराएं इसलिए भारत को संबोधित ही नहीं कर सकतीं। वे भारत के मन और अंतस् को छू भी नहीं सकतीं। गांधी अगर भारत के मन को छू पाए तो इसी आध्यात्मिक अनुभव के नाते। ऐसे कठिन समय में जब हमारे महान अनुभवों, महान विचारों पर अवसाद की परतें जमी हैं, धूल की मोटी परत के बीच से उन्हें झाड़-पोंछकर निकालना और अपने लोक पर भरोसा करते हुए, उनकी आंखों में झिलमिला रहे भारत के सपनों के साथ तालमेल बिठाना समय की जरूरत है। लोकमंथन जैसे आयोजन भारत के लोक को उसका खोया हुआ आत्मविश्वास लौटा सकें तो उनकी सार्थकता सिद्ध होगी। 

(लेखक माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में जनसंचार विभाग के अध्यक्ष हैं)

 




 

गुरुवार, 3 नवंबर 2016

डा. सुशील त्रिवेदीः एक सक्रिय बुद्धिधर्मी

डा. सुशील त्रिवेदीः एक सक्रिय बुद्धिधर्मी
-संजय द्विवेदी


       मेरे जीवन में छत्तीसगढ़ की बहुत सारी स्मृतियां हैं, मैं खुद को उनसे ही बना हुआ महसूस करता हूं। छत्तीसगढ़ की बहुत सारी मोहक स्मृतियों में एक छवि बनती है डा.सुशील त्रिवेदी की। डा. त्रिवेदी का मेरे जीवन में होना एक ऐसी छाया की तरह है, जो पिता की तरह संरक्षण देती है और मां की तरह वात्सल्य और मित्र की तरह उत्साह। वे हर समय साथ होते हैं। जनसंपर्क उनकी विलक्षणता है तो विद्वता और अध्ययनशीलता उनकी पहचान।
      मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों में एक आला अफसर, लेखक और राजनीतिक विश्लेषक से अलग भी उनकी अनेक छवियां हैं, जिसमें वे मीडिया-जनसंपर्क के अध्येता, अनुवादक, संविधान और चुनाव के जानकार, कला समीक्षक, संस्कृतिकर्मी की सक्रिय भूमिकाओं में दिखते हैं। अपने काम के साथ-साथ इतनी विधाओं को एक साथ साध लेना, एक हुनर ही कहा जाएगा। कलेक्टर से लेकर छत्तीसगढ़ के राज्य निर्वाचन आयुक्त जैसे पद उनके जीवन को बड़ा नहीं करते, उन्हें बड़ा करती है उनकी जिजीविषा, सतत सक्रियता और निरंतर लेखन। अपनी सरकारी नौकरियों की व्यस्तता भरे जीवन के बावजूद परंपरा से उन्हें लिखने का संस्कार मिला है। उसमें वे कुछ जोड़ते ही हैं। उनके अवदान को उनकी 24 मौलिक पुस्तकों, 3 संपादित और 7 अनुदित ग्रंथों से समझा जा सकता है। यह साधारण नहीं है कि अवकाश प्राप्ति के बाद वे छत्तीसगढ़ के सवालों पर राष्ट्रीय मीडिया की जरूरत हैं। वे समझ का आईना हैं और चुनावी संदर्भों में उनकी वाणी सत्य पर ही जाकर ठहरती है।
    छत्तीसगढ़ के लंबे पत्रकारीय जीवन में मुझे रायपुर और बिलासपुर जैसे शहरों में रहने और लगभग पूरे छत्तीसगढ़ में जाने और लोगों से संवाद करने का मौका मिला। किंतु अनुभव की आंखें अलग होती हैं। हम जो जमीन पर जाकर देखते और महसूस करते, डा. त्रिवेदी रायपुर में ही महसूस कर रहे होते। नए बने छत्तीसगढ़ के बदलावों और उसकी पहचान से जुड़े सवालों, सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक मुद्दों की उनमें गहरी समझ है। उनके पास बैठकर आप रिक्त नहीं आ सकते। उनके हर किस्से में एक संदेश है। रायपुर में जी 24 घंटे छत्तीसगढ़ नाम से जो पहला सेटलाइट चैनल लांच हुआ, उसी वर्ष विधानसभा और लोकसभा के चुनाव लगभग आगे-पीछे हुए। रायपुर जैसी जगह पर हमें एक ऐसे चेहरे की जरूरत थी, जो तटस्थ तरीके से स्थितियों का विश्वेषण कर सके। जाहिर तौर पर डा.सुशील त्रिवेदी हमारे संकटमोचक साबित हुए। हमारा चैनल उनकी उपस्थिति से न सिर्फ गंभीरता से देखा गया बल्कि चुनाव परिणाम भी अनुमानों के आसपास रहे। रायपुर से हमने जब मीडिया विमर्श नाम की पत्रिका शुरू की तो हमारे प्रथम सलाहकारों और लेखकों में वे शामिल थे। आज भी मीडिया विमर्श के हर अंक में वे एक अनिवार्य उपस्थिति हैं। मीडिया विमर्श के प्रकाशन को वे बहुत उम्मीद से देखते हैं। पत्रिका के पांच साल पूरे होने पर हमने रायपुर में एक समारोह का आयोजन किया, जिसके मुख्यअतिथि श्री प्रकाश जावडेकर थे। इस आयोजन में मीडिया विमर्श के सबसे सक्रिय लेखक के रूप में डा.सुशील त्रिवेदी का सम्मान श्री जावडेकर ने किया।
    देवेंद्र नगर की सरकारी अफसरों की कालोनी से लेकर उनकी सेवानिवृत्ति के बाद रामनगर कालोनी के उनके आवास पर उनसे अनेक मुलाकातें हुयी हैं, दोनों स्थितियों में मैंने कभी उनके व्यवहार में अंतर नहीं पाया। वे एक ऐसी शख्सियत हैं, जिसे हमेशा अपनों का साथ सुख देता है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ ही नहीं देश भर में उनके चाहने वालों का एक महापरिवार है, जिसके मुखिया वे खुद हैं। परिवार, समाज और देश तीनों के लिए उनके पास एक दिल है जो समान रूप से तीनों के लिए धड़कता है। वे हर भूमिका में पूर्ण हैं। उनके साथ होकर ही उनकी ऊंचाई को जाना जा सकता है। एक अधिकारी के रूप में उनके योगदान को उनके समकक्ष बयान करेगें किंतु एक लेखक, राजनीतिक विश्वेषक और कलाओं के संरक्षक की जो भूमिका है उसका हम सब मूल्यांकन कर सकते हैं। रायपुर के न जाने कितने पत्रकार मित्र हैं, जिनको डा. त्रिवेदी ने चुनाव रिर्पोटिंग के मायने समझाए, मदद की। चुनावों के दौरान चीजों और स्थितियों को समझने के लिए हम जैसे न जाने कितनों ने उनके जीवन के बहुमूल्य क्षणों का इस्तेमाल किया। उनकी सदाशयता कि उन्होंने अपना समय हमें देने के लिए कभी भी कृपणता नहीं दिखाई।
    आज भौगोलिक दूरियों के बावजूद भी उनकी वही गर्मजोशी कायम है। फोन पर उनकी आवाज गूंजती हैं, मीलों की दूरियों पलों में मिट जाती हैं। परिवार का कुशल क्षेम पूछना उनके वात्सल्य भाव का ही परिचायक है। वे दूर होकर भी अपनी छाया से संरक्षित करते हैं। भोपाल और रायपुर फिर मिल जाते हैं। कभी भोपाल उनका था, उनकी महक से चहकता। जनसंपर्क विभाग से लेकर राजभवन तक उनकी स्मृतियां हैं। कलाबोध, संस्कृतिबोध से रसपगा उनका मन भोपाल के बिना कितना रीता होगा, सोचता हूं। एक संस्कृतिधर्मी नगर भोपाल के निर्माण में, उसकी भावभूमि बनाने में जिन कुछ अफसरों की भूमिका रही, उसमें वे भी एक थे। अपनी पूरी गरिमा और मर्यादा के साथ। समय से संवाद करते हुए। कुछ रचते हुए। एक पूरी टीम को अपने आसपास और अपने जैसा बनाते हुए। इन अर्थों में वे एक विलक्षण संगठनकर्ता भी हैं, जिसके पास रंगकर्मी, संस्कृतिकर्मी, राजनेता, पत्रकार, अधिकारी, लेखक, पुरातत्वविद्, अनुवादक, संपादक, आम आदमी सभी बड़ी सहजता से आमदरफ्त कर सकते थे। उनके पास होना खुद के अधूरेपन को, खालीपन को भरना भी है। उनके पास आज सिर्फ यादें ही नहीं हैं, कर्म के बेहद सजीले पृष्ठ हैं, जिन्हें उनकी कर्मठता ने जीवंत किया है। एक पूरी परंपरा है जो उनके भोपाल से जाने के बाद भी उनकी यादों को सहेजकर खुद को शक्ति देती रहती है। रचनाधर्मियों का, संस्कृतिकर्मियों का भरा-पूरा परिवार जो उन्होंने बनाया वह आज भी उनसे उसी अंतरंगता से जुड़ा हुआ है।
   हालांकि छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद उनकी स्थानीय व्यस्तताएं बहुत हैं। इसलिए भोपाल में उनका सहज-स्वाभाविक प्रवास कम हुआ है। रायपुर में रहते हुए वे आज भी बेहद सक्रिय हैं। एक सक्रिय बुद्धिधर्मी (बुद्धिजीवी कहने का जोखिम नहीं लूंगा) के नाते उनकी एक अलग पहचान बनी है। वे अपनी बात अलग तरीके के अभ्यासी हैं। परिवार की विरासत को उन्होंने ऊंचाई दी है। एक बड़े ओहदे पर होने के बाद भी जिस तरह उन्होंने रिश्तों, परिवार और मित्रों को अपने जिंदगी में सबसे आगे रखा,वह चीज सीखने की है। आज जबकि वे अपने यशस्वी जीवन के 75 वर्ष पूर्ण कर चुके हैं, तब हम जैसे उनके चाहने वालों के लिए वे उतने ही जरूरी और महत्वपूर्ण हैं, जब उन्होंने हमें हमारी उंगलियां पकड़कर दुनिया के सामने ला खड़ा किया था। उनकी इस कृतज्ञता को व्यक्त करने के लिए शब्द कम पड़ेंगे। आप शतायु हों सर। इसी जीवंतता के साथ, कर्मठता के साथ, उजली चादर के साथ।

लेखक माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल के जनसंचार विभाग के अध्यक्ष तथा मीडिया विमर्श पत्रिका के कार्यकारी संपादक हैं। डा. त्रिवेदी से संजय द्विवेदी के पारिवारिक एवं आत्मीय रिश्ते हैं।


गुरुवार, 27 अक्तूबर 2016

कैसे बढ़ेंगी पुलिस-पब्लिक की नजदीकियां

पुलिस का भय तो हो किंतु भरोसा कायम करना जरूरी
-संजय द्विवेदी

  पुलिस-पब्लिक की नजदीकियां बढ़ाने के तमाम जतन आजादी के बाद से ही हो रहे हैं। कई तरह के नवाचार और प्रयोग हो चुके हैं तमाम पर काम जारी है। सोशल मीडिया के अवतार के बाद पुलिस अब इस नए माध्यम से भी लोगों के बीच जाना चाहती है। देश के पहले पत्रकारिता विश्वविद्यालय- माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में पिछले दिनों सोशल मीडिया फार ला एंड आर्डर विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला (24,25 अक्टूबर,2016) संपन्न हुयी। इस कार्यशाला में मप्र के तमाम बड़े पुलिस अफसर, मीडिया प्रोफेशनल और मीडिया शिक्षक हिस्सा ले रहे हैं।
  जाहिर तौर पर ऐसे विमर्शों में पुलिस का अपना पक्ष होता है और शेष समाज का दूसरा। ऐसे में यह जरूरी है कि हम इस बात पर विचार करें कि आखिर क्या कारण है कि पुलिस का चेहरा वैसा नहीं बन पाया जैसा इसे होना चाहिए। देखा जाए तो पुलिस अपनी पेंट हो चुकी या बनी-बनाई छवि से ही जूझ रही है। यह जरूरी है कि वह अपनी परंपरागत छवि से मुक्त हो। अपनी शुचिता के प्रति सावधान हो और समाज में आदर पाने के लिए आवश्यक उपाय करे। यहां यह कहना ठीक नहीं है कि पुलिस का भय नहीं होना चाहिए। पुलिस का भय तो होना ही चाहिए, पर पुलिस से किसे डरना चाहिए? अपराधी को या फरियादी को। आरोपियों को या आम जनता को? निश्चय ही पुलिस का भय तो हो किंतु असम्मान न हो, अविश्वास न हो। इसके लिए पुलिस महकमे को बहुत काम करने की जरूरत है। समाज इस नए दौर में एक अच्छी पुलिसिंग के इंतजार में है। आज मप्र जैसे राज्य में 10 हजार की आबादी पर 14 पुलिस वाले हैं। जाहिर है पुलिसिंग को इस हालात में मजबूत करना कठिन है।
  पुलिस विभाग की ओर से अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। मप्र जैसे राज्य में सोशल मीडिया पर पुलिस सक्रिय है। अधिकारी समस्याएं सुन रहे हैं। नक्सल क्षेत्रों में शिक्षा उदय अभियान जैसे प्रयोग भी पुलिस ने किए हैं। निजी लोगों की मदद से ट्रैफिक सुधारने के प्रयोग भी पुलिस ने किए हैं। थाने से लेकर डीपीजी स्तर तक जनसुनवाई के प्रयोग भी अनेक राज्य कर रहे हैं। यानि कोशिश है कि भरोसा कायम किया जाए। विश्वास बहाली हो और छवि ठीक हो। अनेक राज्यों ने ग्राम रक्षा समितियों और नगर सुरक्षा समितियों के प्रयोग भी किए हैं जिनसे लोगों का सीधा जुड़ाव पुलिस से हो और अच्छी पुलिसिंग लोगों को मिले। चौपाल और जनसुनवाई के प्रयोगों से पुलिस अधिकारी जनता के मनोभावों को सुन और समझ रहे हैं।
    जनता के मन से पुलिस के प्रति बनी धारणा को बदलने के लिए पुलिस विभाग भी कई स्थानों पर बेहतर प्रयोग करता नजर आता है। बढ़ती तकनीक ने उन्हें यह सुविधा भी दिलाई है। सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल के चलते अनेक अपराधों के कारणों तक पुलिस शीध्रता से पहुंच रही है। पुलिस प्रशासन खासकर त्यौहारों के समय समाज के विविध वर्गों से शांति व्यवस्था के नाम पर संवाद करता है। उससे नगरों की शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद भी मिलती है। यह संवाद निरंतर हो तो इसके लाभ व्यापक तौर पर उठाए जा सकते हैं। संवाद और निरंतर संवाद ही इसका समाधान है। सिनेमा के माध्यम से जिस तरह की पुलिसिया छवि प्रक्षेपित की जा रही है, उसे देखना होगा। अच्छा पुलिसवाला एक अपवाद की तरह सामने आता है। जबकि बदलती दुनिया और बदलते समाज में पुलिस को एक नए तरीके से सामने आना होगा। उसकी छवि और कार्यशैली बदलनी होगी। हमारे देश में पुलिस सुधार पर काफी लंबे अरसे से चर्चा हो रही है लेकिन सरकारें यथास्थितिवादी मानसिकता से धिरी हुयी हैं। वे नया करने और सोचने की मानसिकता में नहीं हैं। दिल्ली और मुंबई पुलिस ने कुछ बहुत अच्छे प्रयोग किए हैं। जाहिर तौर पर महानगरों की पुलिस ज्यादा संसाधनों से लैस है लेकिन राज्यों में वे प्रयोग दुहराए जा सकते हैं। यह बात निश्चित है कि धटनाएं रोकी नहीं जा सकतीं किंतु एक बेहतर पुलिसिंग समाज में संवाद और भरोसे का निर्माण करती है। यह भरोसा बचाना और उसे बढ़ाना आज के पुलिस तंत्र की जिम्मेदारी है। यहां यह भी जोड़ना जरूरी है कि मीडिया के तमाम अवतारों और प्रयोगों के बाद भी व्यक्तिगत संपर्कों और व्यक्तित्व का महत्व कम नहीं होगा। जिन समयों में सोशल मीडिया जैसे प्रयोग नहीं थे तब भी पुलिस अधिकारी बहुत बेहतर तरीके से कामों को अंजाम देते थे। पंजाब के आतंकवाद से निपटने में हमारे पुलिस अधिकारियों की भूमिका हमेशा रेखांकित की जाती है। अच्छी पुलिसिंग समाज का अधिकार है वह उसे मिलनी ही चाहिए। वर्तमान समय में जिस तरह सुशासन को लक्ष्य कर काम लिए जा रहे हैं और शासन और प्रशासन में नए प्रयोग किए जा रहे हैं वे प्रयोग पुलिस महकमे में भी दोहराए जाने चाहिए। हमारी पुलिस को बेहतर ट्रेनिंग और आधुनिक साधनों से लैस करते हुए उन्हें नए समय में संवाद के साधनों से भी परिचित कराने की जरूरत है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी इंटरनेट की पहुंच ने एक नया भारत उदित किया है। प्रधानमंत्री डिजीटल इंडिया बनाने का आग्रह करते दिखते हैं। इस डिजीटल इंडिया को पुराने हथियारों और संचार साधनों से संबोधित नहीं किया जा सकता। इसलिए हमारी पुलिस को नए तरीके से नए साधनों के असर और उनके प्रयोगों से जोड़ने की जरूरत है। अलग-अलग स्थानों पर हो रहे प्रयोगों को नए स्थानों पर आजमाने जैसे आइडिया शेयरिंग की भी जरूरत से इनकार नहीं किया जा सकता। मप्र जैसे राज्य में डायल 100 जैसे प्रयोग भी एक मिसाल की तरह है जिसके तहत सभी थानों में गाड़ियां उपलब्ध करायी गयी हैं और समाज को पुलिस की मदद के लिए ये वाहन हमेशा चौकस दिखते हैं। आनलाईन एफआईआर जैसे प्रयोग भी मप्र सहित कुछ राज्यों ने संभव किए हैं। निश्चय ही इन नए प्रयोगों से हमें जल्दी ही एक स्मार्ट पुलिस का चेहरा देखने को मिलेगा जो भरोसा भी जगाएगा और छवि भी बदलेगा।
(लेखक माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में जनसंचार विभाग के अध्यक्ष हैं)


यादवी युद्ध में उत्तर प्रदेश

कुनबे की कलह में वास्तविक नेता बनकर उभरे हैं अखिलेश यादव
-संजय द्विवेदी

  उत्तर प्रदेश के यादवी युद्ध में आखिर सबसे ज्यादा फायदे में कौन है? मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, नेताजी, अमर सिंह, रामगोपाल या शिवपाल यादव? निश्चित ही इस प्रश्न का तुरंत उत्तर देना संभव नहीं है। किंतु जैसी गोटियां बिछाई गयी हैं, उसमें अखिलेश एक नायक की तरह उभरे हैं। उनकी सरकार की चार साल की नाकामियां अचानक परिदृश्य से गायब हैं और चारों तरफ चाचा से टकराते अखिलेश की चर्चा है। अखिलेश के पास इस वक्त खोने के लिए कुछ नहीं है। वे बहुत उंचाई पर हैं और राजनीति में हार-जीत तो लगी रहती है। अगर परिवार साथ भी था तो कौन सी गारंटी थी कि समाजवादी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलेगा। अगर परिवार टकरा रहा है तो भी सरकार सपा के नेतृत्व में नहीं बनेगी, इसे भरोसे से कौन कह सकता है।
    मुलायम सिंह यादव उप्र के एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्हें उत्तर प्रदेश का मन, मिजाज और तेवर पता हैं। वे हर विधानसभा क्षेत्र के चरित्र और उसके स्वभाव को जानते हैं। कल्याण सिंह भी लगभग ऐसी ही जानकारियों से लैस राजनेता हैं, किंतु वे राजस्थान के राजभवन में बिठा दिए गए हैं। ऐसे में मुलायम सिंह इस घटनाचक्र के अगर प्रायोजक न भी हों तो भी उनकी इच्छा के विरूद्ध यह हो रहा है, कहना कठिन है। मुलायम सिंह यादव ने जिस तरह अपने बेचारेकहे जा रहे बेटे को यह कहकर ताकत दी है कि शिवपाल को मंत्री बनाने का मामला अखिलेश पर छोड़ता हूं उसके बहुत बड़े संदेश हैं। मुलायम सिंह यादव यूं ही नेताजी नहीं हैं, उनमें उप्र की राजनीति की गहरी समझ और स्थितियों को अपने पक्ष में कर लेने की अभूतपूर्व क्षमता है। उनका प्रधानमंत्री बनने का सपना भले ही पूरा न हो पाया हो किंतु वे अपने पुत्र को उत्तर प्रदेश की राजनीति का सबसे नामवर चेहरा बनाने में कामयाब रहे हैं। आज समाजवादी पार्टी में मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के सिवा क्या बचा है? जो मुलायम के आसपास के नेता हैं, वे सब अपनी चमक खो चुके हैं, या सबकी हालत खराब है। दिल्ली में राज्यसभा के नेता रहे प्रो. रामगोपाल यादव पार्टी से बाहर हैं, बड़बोले अमर सिंह की बोलती बंद है, शिवपाल यादव मंत्रिमंडल से बाहर हैं, आजम खान की चमक भी कम हुयी है, ले-देकर सारा उत्तर प्रदेश अखिलेश यादव की चर्चाओं में व्यस्त है।
   इस पूरे एपीसोड ने अखिलेश यादव की सारी कमजोरियों, नाकामियों और अकुशल प्रबंधन को भुला दिया है। जनता आज अखिलेश को सहानुभूति से देख रही है और मानती है कि अखिलेश को फ्री हैंड दिया जाए तो वह बहुत कुछ कर सकते हैं। यहीं सवाल उठता है कि अखिलेश आखिर इतने दिनों तक आखिर सब कुछ क्यों सहते रहे? क्यों वे पिता द्वारा बार-बार अपमान किए जाने के बाद भी चुप रहे? क्यों वे चाचाओं की चाही-अनचाही इच्छाओं के आगे झुकते रहे? इस तरह अचानक उनके बागी तेवर स्वाभाविक हैं या किसी पूर्व लिखित स्क्रिप्ट के तहत वे ऐसे अंदाज दिखा रहे हैं, जिस पर भरोसा करना कठिन है।
    ठीक चुनाव के पहले वे पिता का घर छोड़कर क्या अपने वयस्क और समझदार होने की सूचना दे रहे हैं? परिवार में कलह किसके नहीं होती, किंतु कलह का अचानक इस तरह चुनाव के ठीक पहले सतह पर आना बहुत कुछ कहता है। बावजूद इसके समाजवादी पार्टी चुनाव जीते या हारे, अखिलेश अपने तेवरों से दल के सबसे बड़े नेता हो गए हैं। मुलायम सिंह से भी बड़े। जनता के बीच उनकी छवि सुधरी है और उन्हें एक किस्म की सहानुभूति भी मिल रही है, जिसके भले ही वे पात्र नहीं हैं। दूसरी सबसे बड़ी बात समाजवादी पार्टी के सभी नेताओं मुलायम, रामगोपाल, शिवपाल, अमर सिंह, आजम खां से अलग अखिलेश के पास अभी लंबी आयु है। लंबी पारी खेलने के लिए समय है। जबकि शेष नेताओं को लंबी आयु के नाते अखिलेश जैसी समय की सुविधा हासिल नहीं है। अखिलेश उत्तर प्रदेश विधानसभा के आसन्न चुनावों में हारें या जीतें, उन्होंने इस युद्ध के बहाने अपना कद बड़ा कर लिया है। अमर सिंह जैसे नेताओं के उपकारों को लेकर मुलायम सिंह यादव भले भावुक होते दिखें, किंतु जनता में अमर सिंह को भला-बुरा कहकर अखिलेश ने अपनी ताकत भी दिखाई है और लोकप्रियता भी बढ़ाई है। यह साधारण नहीं है कि अमर सिंह ने इस पूरे प्रसंग में खामोशी ओढ़ रखी है। वे जानते हैं कि इस वक्त बोलने से उनके लिए चीजें और मुश्किल हो जाएंगीं। यह भी गजब है कि जो लोग पार्टी से निरंतर निकाले जा रहे हैं, वे मुख्यमंत्री के दरबार में भी डटे हैं और मंत्री भी बने हुए हैं। सपा के दो समानांतर सत्ता केंद्र बन चुके हैं। 

  इस पूरी कवायद के बीच यह चर्चा भी आम है कि उत्तर प्रदेश में सपा एक सेकुलर मोर्चा बनाकर मैदान में उतरना चाहती है, जिसमें वह कांग्रेस को भी अपने साथ लेना चाहती है। बिहार के सफल प्रयोग और उत्तर प्रदेश की बदहाली में कांग्रेस और सपा दोनों के लिए यह एक अच्छा अवसर हो सकता है। मुलायम सिंह यादव समय को दूर से पढ़ लेने वाले नेता हैं, इसलिए वे इस समझौते के लिए पहल करते हुए दिखते हैं। कांग्रेस के विधायक जिस तरह लगातार पार्टी छोड़ रहे हैं, उसमें उसके पास विकल्प सीमित हैं। राहुल गांधी भी अखिलेश यादव के प्रति अच्छे भाव रखते हैं, ऐसे में मुलायम एक बार फिर उप्र में सपा की सत्ता के लिए सपने बांध रहे हैं। इस यादवी युद्ध से परिवार को निकाल मुलायम सिंह कैसे अपने पुत्र को राजसत्ता तक पुनः पहुंचाते हैं, इसे देखना रोचक होगा। कुनबे की कलह से समाजवादी पार्टी को कुछ हासिल हो या न हो किंतु नेताजी के बाद एक नेता जरूर हासिल हुआ है जिसका नाम अखिलेश यादव है।

शनिवार, 22 अक्तूबर 2016

गुरू ज्ञान पर भारी है गूगल ज्ञान

अध्यापक-विद्यार्थी संबंधः नए रास्तों की तलाश
-संजय द्विवेदी

    ऐसे समय में जब आधुनिक संचार साधनों ने अध्यापकों को लगभग अप्रासंगिक कर दिया है, हमें सोचना होगा कि आने वाले समय में अध्यापक-विद्यार्थी संबंध क्या आकार लेगें, क्या शक्ल लेगें? यहां यह भी कहना जरूरी है कि ज्ञान का रिप्लेसमेंट असंभव है। लेकिन जिस तरह जीवन सूचनाओं के आधार पर बनाया, सिखाया और चलाया जा रहा है, उसमें ज्ञानी और गुणीजनों का महत्व धीरे-धीरे कम होगा। वैसे भी हमारे देश में समाज विज्ञानों में जिस तरह की शिक्षा पद्धति बनायी और अपनायी जा रही है। उसका असर उनके शोध पर भी दिखता है। तमाम बड़े परिसरों के बाद भी वैश्विक स्तर पर हमारी संस्थाएं बहुत काम की नहीं दिखतीं। उनकी गुणवत्ता पर अभी काफी काम करना शेष है।
   नए विचारों के लिए स्पेस कम होते जाना, नवाचारों के प्रति हिचक हमारी शिक्षा का बड़ा संकट है। साथ ही शिक्षकों द्वारा नयी पीढ़ी में सिर्फ अवगुण ढूंढना, इस नए समय के ऐसे मुद्दे हैं- जिनसे पूरा शिक्षा परिसर आक्रांत है। नई पीढ़ी की जरूरतें अलग हैं और जाहिर तौर पर वे बहुत आज्ञाकारी नहीं हैं। सब कुछ को वे सिर्फ इसलिए स्वीकार नहीं कर सकते, क्योंकि गुरूजी ऐसा कह रहे हैं। फिलवक्त हमारे समय की बहुत उर्जावान और संभावनाशील और जानकार पीढ़ी इस समय शिक्षकों के सामने उपस्थित है। परंपरागत शिक्षण की चुनौतियां अलग हैं और प्रोफेशनल शिक्षा के तल बहुत अलग हैं। यह पीढ़ी जल्दी और ज्यादा पाना चाहती है। उसे सब कुछ तुरंत चाहिए- इंस्टेंट। श्रम, रचनाशीलता और इंतजार उनके लिए एक बेमानी और पुराने हो चुके शब्द हैं। जाहिर तौर पर इस पीढ़ी से, इसी की भाषा में संवाद करना होगा। यह पीढ़ी नए तेवरों के साथ, सूचनाओं के तमाम संजालों के साथ हमारे सामने है। यहां अब विद्यार्थी की नहीं, शिक्षक की परीक्षा है। उसे ही खुद को साबित करना है।
सूचनाओं के बीच शिक्षाः
   हमारा समय सूचनाओं से आक्रांत है। सूचनाओं की बमबारी से भरा-पूरा। क्या लें क्या न लें-तय कर पाना मुश्किल है। आज के विद्यार्थी का संकट यही है कि वह ज्यादा जानता है। हां, यह संभव है कि वह अपने काम की बात कम जानता हो। उसके सामने इतनी तरह की चमकीली चीजें हैं कि उसकी एकाग्रता असंभव सी हो गयी है। वह खुद के चीजों और विषयों पर केंद्रित नहीं कर पा रहा है। क्लास रूम टीचिंग उसे बेमानी लगने लगी है। शिक्षक भी नए ज्ञान के बजाए पुरानी स्लाइड और पावर पाइंट से ज्ञान की आर्कषक प्रस्तुति के लिए जुगतें लगा रहे हैं, फिर भी विफल हो रहे हैं। वह कक्षा में बैठे अपने विद्यार्थी तक भी पहुंच पाने में असफल हैं। विद्यार्थी भी मस्त है कि क्लास में धरा है। टीचर से ज्यादा भरोसा गूगल पर जो है। गूगल भी ज्ञान दान के लिए आतुर है। हर विषय पर कैसी भी आधी-अधूरी जानकारी के साथ।
   इससे किताबों पर भरोसा उठ रहा है। किताबें इंतजार कर रही हैं कि लोग आकर उनसे रूबरू होगें। लेकिन सूचनाओं  से भरे इस समय में पुस्तकालय भी आन लाइन किए जा रहे हैं। यानि इन किताबों के सामने प्रतीक्षा के अलावा विकल्प नहीं हैं। यह प्रतीक्षा कितनी लंबी है कहा नहीं जा सकता।
मुश्किल में एकाग्रताः
  सच कहें तो इस कठिन समय का सबसे संकट है एकाग्रता। आधुनिक संचार साधनों ने सुविधाओं के साथ-साथ जो संकट खड़ा किया है वह है एकाग्रता और एकांत का संकट। आप अकेले कहां हो पाते हैं? यह मोबाइल आपको अकेला कहां छोड़ता है? यहां संवाद निरंतर है और कुछ न कुछ स्क्रीन पर चमक जाता है कि फिर आप वहीं चले जाते हैं, जिससे बचने के उपाय आप करना चाहते हैं। सूचनाएं, ज्यादा बातचीत और रंगीनियों ने हाल बुरा कर दिया है। सेल्फी जैसे राष्ट्रीय रोग की छोड़िए, जिंदगी ऐसे भी बहुत ज्यादा आकर्षणों से भर गयी है। ऐसे आकर्षणों के बीच शिक्षा के लिए समय और एकाग्रता बहुत मुश्किल सी है। बहुत सी सोशल नेटवर्किंग साइट्स का होना हमें कितना सामाजिक बना रहा है, यह सोचने का समय है। सोशल नेटवर्क एक नई तरह की सामाजिकता तो रच रहे हैं तो कई अर्थों में हमें असामाजिक भी बना रहे हैं। इसी के चलते गुरू ज्ञान पर भारी है गूगल ज्ञान। इस नए समय में शिक्षक को नई तरह से पारिभाषित करना प्रारंभ कर दिया है।
चाहिए तैयारी और नयी दृष्टिः
  जाहिर तौर पर शिक्षा और शिक्षकों के सामने नए विचारों को स्वीकारने और जड़ता को तोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। उन्हें परंपरा से हटकर नया ज्ञान, नए तरीके से प्रस्तुत करना होगा। प्रस्तुतिकरण की शैली में परिवर्तन लाना होगा। शिक्षक की सबसे बड़ी चुनौती- अपने विद्यार्थी के मन में ज्ञान की ललक पैदा करना है। उसे ज्ञान प्राप्ति के लिए जिज्ञासु बनाना है। उसकी एकाग्रता के जतन करना है और कक्षा में उसे वापस लाना है। वापसी इस तरह की कि वह कक्षा में सिर्फ शरीर से नहीं, मन से भी उपस्थित रहे। उसे नए संचार माध्यमों की सीमाएं भी बतानी जरूरी हैं और किताबों की ओर लौटाना जरूरी है। उसके मन में यह स्थापित करना होगा कि ज्ञान का विकल्प सूचनाएं नहीं हैं। सिर्फ सतही सूचनाओं से वह ज्ञान हासिल नहीं करता, बल्कि अपने स्थापित भ्रमों को बढ़ाता ही है। उसे यह भी बताना होगा कि उसे चयनित और उपयोगी ज्ञान के प्रति सजगता और ग्रहणशीलता बनानी होगी। 

(लेखक माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल के जनसंचार विभाग के अध्यक्ष हैं।)