राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 18 जुलाई 2025

पंच परिवर्तन से बदल जाएगा समाज का चेहरा-मोहरा

                                                                  -प्रो. संजय द्विवेदी


    इतिहास के चक्र में किसी सांस्कृतिक संगठन के सौ साल की यात्रा साधारण नहीं होती। यह यात्रा बीज से बिरवा और अंततः उसके वटवृक्ष में बदल जाने जैसी है। ऐसे में उस संगठन के भविष्य की यात्रा पर विमर्श होना बहुत स्वाभाविक है। स्वतंत्रता के अमृतकाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संकल्प भविष्य के भारत की रचना में सहयोगी बन सकते हैं।

     अपने शताब्दी वर्ष में संघ ने पंच परिवर्तन का संकल्प लिया है। यह पंच परिवर्तन क्या है? इससे क्या होने वाला है? इसे भी जानना जरूरी है। संघ की मान्यता है कि व्यवस्था परिवर्तन का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब भारत की व्यवस्थाएं स्व पर आधारित हों।स्व आधारित तंत्र बनाना साधारण नहीं है। महात्मा गांधी से लेकर देश के तमाम विचारक और राजनेता स्व की बात करते रहे,किंतु व्यवस्था ने उनके विचारों को अप्रासंगिक बना दिया। समाज परिर्वतन के बिना व्यवस्था परिर्वतन संभव नहीं, इसे भी सब मानते हैं। वैचारिक संभ्रम इसका बहुत बड़ा कारण है। हम आत्मविस्मृति के शिकार और आत्मदैन्य से घिरे हुए समाज हैं। गुलामी के लंबे कालखंड ने इस दैन्य को बहुत गहरा कर दिया है। इससे हम अपना मार्ग भटक गए। स्वामी विवेकानंद, महर्षि अरविंद, स्वामी दयानंद सरस्वती, लोकमान्य तिलक, महात्मा गांधी, बाबा साहब आंबेडकर हमें वह रास्ता बताते हैं जिनपर चलकर हम अपनी कुरीतियों से मुक्त एक सक्षम, आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी समाज बन सकते थे। किंतु अंग्रेजों के बाद सत्ता में आए नायकों ने सारा कुछ बिसरा दिया। उस आरंभिक समय में भी दीनदयाल उपाध्याय और डा. राममनोहर लोहिया जैसे नायक भारत की आत्मा में झांकने का प्रयास करते रहे किंतु सत्ता की राजनीति को वे विचार अनुकुल नहीं थे।

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने शताब्दी वर्ष में पंच परिर्वतन का जो संकल्प लिया है,वह भारत की चिति और उसकी स्मृति को जागृत करने का काम करेगा। राष्ट्रीय चेतना का स्तर बढ़ाने के लिए 1.नागरिक कर्तव्य, 2. स्वदेशी, 3. पर्यावरण संरक्षण, 4.समरसता, 5.कुटुंब प्रबोधन जैसे पांच संकल्प ही पंच परिवर्तन के सूत्र हैं। इन विषयों में भारत की आत्मा को झकझोरकर जगाने और नया भारत बनाने का संकल्प झलकता है।

नागरिक कर्तव्यबोध से नवचेतन का संचार-

किसी भी राष्ट्र और लोकतंत्र की सफलता उसके नागरिकों की सहभागिता और कर्तव्यबोध से ही सार्थक होती है। एक जीवंत लोकतंत्र की गारंटी उसकी नागरिक चेतना ही है। कानूनों की अधिकता और उसे न मानने का मानस दोनों साथ-साथ चलते हैं। अपनी माटी के प्रति प्रेम, उत्कट राष्ट्रभक्ति ही सफल राष्ट्र का आधार है। जापान जैसे देशों का उदाहरण देते समय हमें देखना होगा कि क्या हमारी राष्ट्रीय चेतना और संवेदना वही है जो एक जापानी में है। आखिर क्या कारण है कि अपनी महान परंपराओं, ज्ञान परंपरा के बाद भी हम एक लापरवाह और कुछ मामलों में अराजक समाज में बदलते जा हैं। कानूनों को तोड़ना यहां फैशन है। यहां तक की हम सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और सड़कों पर रेड लाइट का उल्लंधन करने से भी बाज नहीं आते। ये बहुत छोटी बातें लगती हैं, किंतु हैं बहुत बड़ी। चुनावों में शत प्रतिशत मताधिकार तो दूर का सपना है। बहुत शिक्षित शहरों में वोटिंग 50 प्रतिशत से आगे नहीं बढ़ पाती। ये सूचनाएं बताती हैं कि हमें अभी जागरूक नागरिक या सजग भारतीय होना शेष है।कानूनों का पालन, कर का समय पर भुगतान, सामाजिक और सामुदायिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा जरूरी है। एक शानदार समाज की पहचान है कि वह अपने परिवेश को न सिर्फ स्वच्छ और सुंदर बनाने का प्रयास करता है बल्कि अपने प्रयासों से अन्यों को भी प्रेरित करता है। देखा जाता है कि हममें अधिकार बोध बहुत है किंतु कर्तव्यबोध कई बार कम होता है। जबकि संविधान हमें मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों की भी सीख देता है। हमारे धार्मिक ग्रंथ हमें नागरिकता और सामाजिक आचरण का पाठ पढ़ाते हैं। सवाल यह है कि हम उन्हें अपने जीवन में कितना उतार पाते हैं।

स्वदेशी से बनेगा स्वाभिमानी और आत्मनिर्भर भारत-

पंचपरिवर्तन का दूसरा सूत्र है स्वदेशी। स्वदेशी सिर्फ आत्मनिर्भरता का मामला नहीं है यह राष्ट्रीय स्वाभिमान का भी विषय है। अपनी जमीन पर खड़े रहकर विकास की यात्रा ही स्वदेशी का मूलमंत्र है। विनोबा जी कहते थे- स्वदेशी का अर्थ है आत्मनिर्भरता और अहिंसा।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इसे सादगी से भी जोड़ता है। जिसके मायने हैं मितव्ययिता से जियो, कंजूसी से नहीं। स्वदेशी का सोच बहुत व्यापक है। परिवारों में भाषा, वेशभूषा, भवन, भ्रमण, भजन और भोजन ये छः चीजें हमारी ही होनी चाहिए। हम विदेशी भाषा, बोलें, दुनिया के साथ संवाद करें। किंतु अपने परिवारों अपनी मातृभाषा का उपयोग करें। विदेशी वस्त्रों से परहेज नहीं किंतु पारिवारिक मंगल आयोजनों और उत्सवों में अपनी वेशभूषा धारण करें। स्वभूषा, उपासना पद्धति, भोजन हमारा होना चाहिए। इसी तरह हम पूरी दुनिया घूमकर आएं किंतु भारत के तपोस्थलों, तीर्थस्थलों, वीरभूमियों तक भी हमारा प्रवास हो। हमारे परिजन जानें की राणा प्रताप कौन हैं और चित्तौड़गढ़ कहां है। शिवाजी कौन थे और रायगढ़ कैसा है। जालियांवालाबाग कहां है। इसी तरह हमारे घर भारतीयता का प्रतिनिधित्व करते हुए दिखने चाहिए। वहां एक भारतीय परिवार रहता है ,यह प्रकट होना चाहिए। महापुरूषों की तस्वीरें। अपनी भाषा में नाम पट्ट और स्वागतम् जैसे उच्चार लिखे हों। परिवारों में हमारी संस्कृति की छाप साफ दिखनी चाहिए। तुलसी का पौधा और पूजाघर के साथ, किताबों का एक कोना भी हो जिसमें हमारे धार्मिक ग्रंथ गीता, रामायण, महाभारत आदि अवश्य हों। उनका समय-समय पर पाठ भी परिवार के साथ हो। हमारी जीवनशैली आधुनिक हो किंतु पश्चिमी शैली का अंधानुकरण न हो। परिवार में काम करने वाले सेवकों के प्रति सम्मान की दृष्टि भी जरूरी है। ऐसे अनेक विषय हैं जिन पर विचार होना चाहिए।

पर्यावरण संरक्षण से होगी जीवन रक्षा-

प्रकृति के साथ संवाद और सहजीवन भारत का मूल विचार है। अपनी नदियों, पहाड़ों और पेड़-पौधों में ईश्वर का वास देखने की हमारी संस्कृति और परंपरा रही  है। प्रकृति के बिना मानव जीवन की कल्पना असंभव है। प्रदूषण आज बहुत बड़ी चिंता बन गया है। कुछ भी स्वच्छ नहीं रहा। हवा भी जहरीली है। इसलिए हमें अपने भारतीय विचारों पर वापसी करनी ही होगी। प्रकृति और पर्यावरण के साथ सार्थक संवाद ही हमें बचा पाएगा। ग्लोबल वार्मिंग जैसी चिंताएं हमारे सामने चुनौती की तरह हैं। पानी, बिजली को बचाना, प्लास्टिक मुक्त समाज बनाने के साथ वाहनों का संयमित उपयोग जरूरी है। एयरकंडीशनर का न्यूनतम उपयोग, वनों और जंगलों की रक्षा जैसे अनेक प्रयासों से हम सुंदर दुनिया बना सकते हैं। घरों में पेड़-पौधे लगाएं और हरित घर का संकल्प लें। सच तो यह है कि अगर हम पर्यावरण की रक्षा करेंगें तो वह हमारी रक्षा करेगा।

सामाजिक समरसता से बनेगी सुंदर दुनिया-

सामाजिक समरसता के बिना कोई भी राष्ट्र अग्रणी नहीं बन सकता। गुरु घासीदास कहते हैं- मनखे-मनखे एक हैं। किंतु जातिवाद ने इस भेद को गहरा किया है। तमाम प्रयासों के बाद भी आज भी हम इस रोग से मुक्त नहीं हो सके हैं। भेदभाव ने हमारे समाज को विभाजित कर रखा है, जिसके चलते दुनिया में हमारी छवि ऐसी बनाई जाती है कि हम अपने ही लोगों से मानवीय व्यवहार नहीं करते हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी कहते थे- अस्पृश्यता ईश्वर और मानवता के प्रति अपराध है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक रहे पू. बालासाहब देवरस ने इस संकट को रेखांकित करते हुए बसंत व्याख्यानमाला में कहा था कि- अगर छूआछूत गलत नहीं है दुनिया में कुछ भी गलत नहीं है, इसे मूल से नष्ट कर देना चाहिए।ऐसे में हमें यह समझना होगा कि जो कुछ भी सैकड़ों सालों से परंपरा के नाम पर चल रहा है वह हमारा धर्म नहीं है। इतिहास में हुए इन पृष्ठों का कोई भी सभ्य समाज समर्थन नहीं कर सकता। जबकि हमारे धर्म ग्रंथ और शास्त्र इससे अलग हैं। हमारे ऋषि और ग्रंथों के रचयिता सभी वर्गों से हैं। भगवान बाल्मीकि और वेद व्यास इसी परंपरा से आते हैं। यानि यह भेद शास्त्र आधारित नहीं है। यह विकृति है। इससे मुक्ति जरूरी है।हमें इसके सचेतन प्रयास करते हुए अपने आचरण, व्यवहार और वाणी से समरसता का अग्रदूत बनना होगा। सभी समाजों और वर्गों से संवाद और सहकार बनाकर हम एक आदर्श समाज की रचना में सहयोगी हो सकते हैं। इससे समाज का सशक्तिकरण भी होगा। समानता का व्यवहार, वाणी संयम, परस्पर सहयोग, संवेदनशीलता से हम दूरियों को घटा सकते हैं और भ्रम के जाले साफ कर सकते हैं। साथ ही अपने गांव, नगर के मंदिर, जलश्रोत, श्मशान सबके लिए समान रूप से खुल होने ही चाहिए। इसमें कोई भी भेद नहीं होना चाहिए।

हमारी शक्ति है कुटुंब-

आज का सबसे बड़ा संकट कुटुंब का बिखराव है। एकल परिवारों में बंटते जाना और अकेले होते जाना इस समय की त्रासदी है। जबकि कल्याणकारी कुटुंब वह है जहां सब संरक्षण, स्नेह और संवेदना के सूत्र में बंधे होते हैं। जहां बालकों को प्यार और शिक्षा, वयस्कों को सम्मान और बुजुर्गों को सम्मान और सेवा मिलती है। परिवार हमारी शक्ति बनें इसके लिए पंच परिवर्तन का बड़ा मंत्र है- कुटुंब प्रबोधन। कुटुंब की एक परंपरा होती है। हम उसे आगे बढ़ाते हैं और संरक्षित करते हैं। मूल्यआधारित जीवन इससे ही संभव होता है। परिवार के मूल्यों से ही बच्चों को संस्कार आते हैं और वे सीखते हैं। जैसे देखते हैं वैसा ही आचरण करते हैं।कुटुंब दरअसर रिश्तों का विस्तार है। जिसमें पति-पत्नी और बच्चों के अलावा हमारे सगे-संबंधी भी शामिल हैं। उनके सुख में सुख पाना, दुख में दुखी होना और उन्हें संबल देना हमें मनुष्य बनाता है। इसके लिए बच्चों के साथ-साथ रिश्तों को समय देना जरूरी है। औपचारिक और अनौपचारिक रुप से कार्यक्रमों, खान-पान, उत्सवों के माध्यमों से ये रिश्ते दृढ़ होते जाएं यह बहुत जरूरी है।

    पंच परिवर्तन के साधारण दिखने वाले सूत्रों में ही भारत की आत्मा के दर्शन होते हैं। इन सूत्रों को अपनाकर हम एक सुंदर बनाने की दिशा में बड़ा काम कर सकते हैं। संघ की शताब्दी वर्ष में लिए गए ये संकल्प हमें एक समाज और राष्ट्र के रूप में संबल देने का काम करेगें इसमें दो राय नहीं है। 22 जनवरी,2024 को अयोध्या में राममंदिर में भगवान की प्राणप्रतिष्ठा के बाद राम राज्य की ओर हम बढ़ चले हैं। राम राज्य के मूल्य हमारे जीवन में आएं। परिवारों में आएं। इससे एक सबल, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी भारत बनेगा। आचरण की शुचिता से आए परिर्वतन ही स्थाई होते हैं। इससे ही हमारे मन में राम रमेंगें और देश में रामराज्य आएगा।


गुरुवार, 17 जुलाई 2025

संघ, सत्ता और समाज

                                                                 -प्रो. संजय द्विवेदी


         एक जीवंत लोकतंत्र में रहते हुए क्या आप राजनीति से विरत रह सकते हैं? राजनीति जो नीति-निर्माण से लेकर आपके संपूर्ण जीवन के फैसले कर रही है, उससे अलग रहना क्या उचित है? क्या बदलाव सत्ता के बिना संभव है? क्या समाज की अपनी भी कोई शक्ति है या वह राजनीति से ही नियंत्रित होता है ? ऐसे अनेक प्रश्न चिंतनशील व्यक्तियों को मथते रहते हैं। ऐसे में एक संगठन जो सौ साल की आयु पूरी करने जा रहा है, उसके लिए राजनीति और सत्ता के मायने क्या हैं? सत्ता राजनीति उसे कितनी कम या ज्यादा रास आती है। लोकतंत्र में बदलाव की राजनीति और सत्ता की राजनीति के विमर्शों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कहां खड़ा है। यह विचार जरूरी हो जाता है। संघ ऐसा संगठन बन चुका है, जिसने समाज जीवन के हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। उसके स्वयंसेवकों के उजले पदचिन्ह हर क्षेत्र में सफलता के मानक बन गए हैं। स्वयं को सांस्कृतिक संगठन बताने वाले संघ का मूल कार्य और केंद्र दैनिक शाखाहै, किंतु अब वह सत्ता-व्यवस्था में गहराई तक अपनी वैचारिक और सांगठनिक छाप छोड़ चुका है।

     संघ के संस्थापक और प्रथम सरसंघचालक का सपना तो राष्ट्रीय चेतना का जागरण, सांस्कृतिक एकता का बोध और सालों की गुलामी के उपजे आत्मदैन्य को हटाकर हिंदू समाज की शक्ति को पुनः प्रतिष्ठित करना था। इस दौर में डा. केशवराम बलिराम हेडगेवार ने ऐसे संगठन की परिकल्पना की, जो राष्ट्र को धर्म, भाषा, क्षेत्र से ऊपर उठाकर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की भावना से जोड़े। संघ की शाखाएं उसकी कार्यप्रणाली की रीढ़ बनीं। प्रतिदिन कुछ समय एक निश्चित स्थान पर एकत्रित होकर शारीरिक, बौद्धिक और नैतिक प्रशिक्षण देना ही शाखा की आत्मा है। यह क्रमशः अनुशासित, राष्ट्रनिष्ठ और संस्कारित कार्यकर्ताओं का निर्माण करता है, जिन्हें 'स्वयंसेवक' कहा जाता है। संघ ने व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण" की अवधारणा को अपनाया है। इस प्रक्रिया में उसका जोर 'चरित्र निर्माण' और 'कर्तव्यपरायणता' पर होता है। ऐसे में विविध वर्गों तक पहुंचने के लिए संघ के विविध संगठन सामने आए जो अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय हुए किंतु उनका मूल उद्देश्य राष्ट्र की चिति का जागरण और राष्ट्र निर्माण ही है। आप देखें तो संघ ने राजनीति और सत्ता के शिखरों पर बैठे लोगों से हमेशा संवाद बनाए रखा। राजनीति के महापुरुषों से भी संवाद रखा। आप देखें तो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी,बाबा साहब भीमराव आंबेडकर, जयप्रकाश नारायण, पं. जवाहरलाल नेहरू  से लेकर श्रीमती इंदिरा गांधी तक संघ का संवाद सबसे रहा। अपनी बातों को रखना और उस पर दृढ़ता से डटे रहना संघ का मूल स्वभाव है। संघ सत्ता राजनीति से संवाद रखते हुए भी सत्ता मोह से कभी ग्रस्त नहीं रहा। 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा जनसंघ की स्थापना में संघ का सक्रिय सहयोग था। इस पार्टी का सहयोग संघ द्वारा प्रशिक्षित अनेक प्रचारकों द्वारा किया गया। 1980 में जब भाजपा बनी, तो संघ के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उसमें शामिल हुए। संघ ने अपने अनेक प्रचारक और कार्यकर्ता पार्टी में भेजे और उन्हें स्वतंत्रता दी। सत्ता राजनीति में भी राष्ट्रीय भाव प्रखर हो,यही धारणा रही। एक समय था जब संघ पर गांधी हत्या के झूठे आरोप में प्रतिबंध लगाकर स्वयंसेवकों को प्रताड़ित किया जा रहा था,किंतु संघ की बात रखने वाला कोई राजनीति में नहीं था। सत्ता की प्रताड़ना सहते हुए भी संघ ने अपने संयम को बनाए रखा और झूठे आरोपों के आधार पर लगा प्रतिबंध हटा।

   चीन युद्ध के बाद इसी संवाद और देश भक्ति पूर्ण आचरण के लिए उसी सत्ता ने संघ को 1963 के गणतंत्र दिवस की परेड में आमंत्रित किया। भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ता रहे कृष्णलाल पठेला बताते हैं-स्वयंसेवकों की 1962 के युद्ध में उल्लेखनीय भूमिका को देखते हुए ही 1963 की गणतंत्र दिवस परेड में संघ को अपना जत्था भेजने के लिए आमंत्रित किया गया था। मुझे याद है, मैं भी उस जत्थे में शामिल था और जब संघ का जत्था राजपथ पर निकला था तब वहां मौजूद नागरिकों ने देर तक तालियां बजाई थीं। जहां तक मुझे याद है, उस जत्थे में 600 स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए थे।

    संघ ने समाज जीवन के हर क्षेत्र में स्वयंसेवकों को जाने के लिए प्रेरित किया। किंतु अपनी भूमिका व्यक्ति निर्माण और मार्गदर्शन तक सीमित रखी। सक्रिय राजनीति के दैनिक उपक्रमों में शामिल न होकर समाज का संवर्धन और उसके एकत्रीकरण पर संघ की दृष्टि रही। इस तरह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आज केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक वैचारिक परंपरा है। उसने भारतीय समाज में अनुशासन, संगठन और सांस्कृतिक चेतना का पुनर्जागरण किया है। सत्ता से उसका संवाद हमेशा रहा है और उसके पदाधिकारी राजनीतिक दलों से संपर्क में रहे हैं। इंदिरा गांधी से भी तत्कालीन सरसंघचालक बालासाहब देवरस का संवाद रहा है। उनका पत्र इसे बताता है। इस तरह देखें तो संघ किसी को अछूत नहीं मानता, उसकी भले ही व्यापक उपेक्षा हुई हो। संघ के अनेक प्रकल्पों और आयोजनों में विविध राजनीतिक दलों के लोग शामिल होते रहे हैं। इस तरह संघ एक जड़ संगठन नहीं है, बल्कि समाज जीवन के हर प्रवाह से सतत संवाद और उस पर नजर रखते हुए उसके राष्ट्रीय योगदान को संघ स्वीकार करता है। इस तरह सेवा, समर्पण ही संघ का मूल मंत्र है।

  संघ की प्रेरणा से उसके स्वयंसेवकों ने अनेक स्वतंत्र संगठन स्थापित किए हैं। उनमें भाजपा भी है। इन संगठनों में आपसी संवाद और समन्वय की व्यवस्था भी है किंतु नियंत्रित करने का भाव नहीं है। सभी स्वयं में स्वायत्त और अपनी व्यवस्थाओं में आत्मनिर्भर हैं। यह संवाद विचारधारा के आधार पर चलता है। समान मुद्दों पर समान निर्णय और कार्ययोजना भी बनती है। 1951 में जनसंघ की स्थापना के समय ही संघ के कई स्वयंसेवक जैसे पं.दीनदयाल उपाध्याय, अटलबिहारी वाजपेयी, नानाजी देशमुख जैसे लोग शामिल थे।1977 में जनसंघ का जनता पार्टी में विलय हुआ, लेकिन आपसी मतभेदों और दोहरी सदस्यता के सवाल पर उपजे विवाद के कारण यह प्रयोग असफल रहा। 1980 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रूप में एक नए राजनीतिक दल का जन्म हुआ, जिसमें संघ प्रेरित वैचारिक नींव और सांगठनिक समर्थन मजबूत रूप से विद्यमान था।

   संघ ने सत्ता या राजनीतिक दलों के सहयोग से बदलाव के बजाए, व्यक्ति को केंद्र में रखा है। संघ का मानना है कि कोई बदलाव तभी सार्थक होता है, जब लोग इसके लिए तैयार हों। इसलिए संघ के स्वयंसेवक गाते हैं-

केवल सत्ता से मत करना परिवर्तन की आस।
जागृत जनता के केन्द्रों से होगा अमर समाज।

सामाजिक शक्ति का जागरण करते हुए उन्हें बदलाव के अभियानों का हिस्सा बनाना संघ का उद्देश्य रहा है। चुनाव के समय मतदान प्रतिशत बढ़ाने और नागरिकों की सक्रिय भूमिका को सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरण अभियान इसका उदाहरण है। लोकतंत्र को सशक्त बनाते हुए नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना एक बड़ा काम है। राजनीति में प्रसिद्धि एक अनिवार्य विषय है। नेता अपने स्वागत, सम्मान के लिए बहुत से इंतजाम करते हैं। संघ इस प्रवृत्ति को पहले पहचान कर अपने स्वयंसेवकों को प्रसिद्धिपरांगमुखता का पाठ पढ़ाता आया है। ताकि काम की चर्चा हो नाम की न हो। स्वयंसेवक गीत गाते हैं-

वृत्तपत्र में नाम छपेगा, पहनूंगा स्वागत समुहार।

छोड़ चलो यह क्षुद्र भावना, हिन्दू राष्ट्र के तारणहार।।

सही मायनों में सार्वजनिक जीवन में रहते हुए यह बहुत कठिन संकल्प हैं। लेकिन संघ की कार्यपद्धति ऐसी है कि उसने इसे साध लिया है। संचार और संवाद की दुनिया में बेहद आत्मीय, व्यक्तिगत संवाद ही संघ की शैली है। जहां व्यक्ति से व्यक्ति का संपर्क सबसे प्रभावी और स्वीकार्य है। इसमें दो राय नहीं कि इन सौ सालों में संघ के अनेक स्वयंसेवक समाज में प्रभावी स्थिति में पहुंचें तो अनेक सत्ता के शिखरों तक भी पहुंचे। अटलबिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवानी और नरेंद्र मोदी इसमें शिखर तक पहुंचे लोग हैं। इसके अलावा एक लंबी श्रृंखला है जिनकी प्रेरणा संघ है। जिनके जीवन में भी संघ है। संघ का प्रशिक्षण न केवल वैचारिक स्पष्टता देता है, बल्कि संगठनात्मक अनुशासन, जनसंपर्क कौशल और सेवा भाव भी समाहित करता है। यही कारण है कि संघ से निकले नेता राजनीतिक दृष्टि से अधिक प्रभावशाली, अनुशासित और संगठन-निष्ठ होते हैं। संघ के स्वयंसेवकों के सक्रिय सहभाग से समाज जीवन के हर क्षेत्र में अब नीतियों के निर्माण और क्रियान्वयन में परिर्वतन दिखने लगा है। इसे बदलाव की राजनीति कहते हैं। जबकि सत्ता राजनीति के मार्ग अलहदा हैं। स्वदेशी, आत्मनिर्भरता, धार्मिक-सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रवाद जैसे विषय संघ के लंबे समय से पोषित विचार रहे हैं, जिन्हें अब सरकारी नीतियों में प्राथमिकता मिलती दिखती है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति, राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 हटाना, और समान नागरिक संहिता जैसे निर्णय संघ की वैचारिक दिशा को ही प्रकट करते हैं। इसमें कई कार्य लंबे आंदोलन के बाद संभव हुए। लोकजागरण की यह शैली संघ का लोकसंपर्क भी बताती है। किसी विषय को समाज में ले जाना और उसे स्थापित करना। फिर सरकारों के द्वारा उस पर पहल करना। लोकतंत्र को सशक्त करती यह परंपरा संघ ने अपने विविध संगठनों के साथ मिलकर स्थापित की है। संघ की प्रतिनिधि सभाओं में विविध मुद्दों पर पास प्रस्ताव बताते हैं कि संघ की राष्ट्र की ओर देखने की दृष्टि क्या है। ये प्रस्ताव हमारे समय के संकटों पर राष्ट्रीय दृष्टिकोण रखते हुए राह भी बताते हैं। अनेक बार संघ पर यह आरोप लगते हैं कि वह राजनीति को नियंत्रित करना चाहता है। किंतु विरोधी इसके प्रमाण नहीं देते। संघ का विषय प्रेरणा और मार्गदर्शन तक सीमित है। संघ की पूरी कार्यशैली में संवाद,संदेश और सुझाव ही हैं, चाहे वह सरकार किसी की भी हो। अपने वैचारिक हस्तक्षेप, प्रतिनिधि सभा के प्रस्तावों और सकारात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से संघ ने समाज की बातों को ही सत्ता प्रतिष्ठानों के सामने रखा है। जिनमें कई बार सकारात्मक उत्तर आते हैं, तो कई बार कुछ मुद्दे उपेक्षित हो जाते हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में संघ के स्वयंसेवकों की संख्या काफी है। जाहिर है भाजपा की सरकारों से स्वयंसेवकों की अपेक्षाएं भी ज्यादा रहती हैं। किंतु सरकारों के दैनिक कार्य में हस्तक्षेप के बजाए संघ सिर्फ वैचारिक और राष्ट्रहित के मुद्दों पर अपनी बात सार्वजनिक रूप से रखता है। कई बार शासकीय स्तर पर, नीतियों के स्तर पर उन्हें सुना भी जाता है। इसे सत्ता पर दबाव के बजाए प्रेरणा और परस्पर सहमति के रूप में देखा जाना चाहिए।

  संघ राजनीति में आदर्शवादी कैडर और संस्कारी नेतृत्व का निर्माण करता हुआ दिखता है। उसकी विचारधारा राष्ट्रवादी,अनुशासित और निःस्वार्थ सेवा पर आधारित है। सत्ता में उसके स्वयंसेवकों के रहते हुए भी संघ का जोर सामाजिक सेवा, पारिवारिक मूल्यों और सांस्कृतिक पुनरुत्थान पर रहता है। अनेक मुद्दों पर जैसे आर्थिक नीति, उदारवादी वैश्वीकरण की दिशा पर संघ ने हमेशा अपनी अलग राय व्यक्त की है। संघ इस तरह सत्ता राजनीति की मजबूरियों को समझते हुए भी उनकी हर बात से सहमत नहीं है। इसमें दो राय नहीं कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भारतीय राजनीति में एक वैकल्पिक वैचारिक धारा का निर्माण किया है। उसने हिंदुत्व आधारित राष्ट्रीय भाव को मुख्यधारा में स्थापित किया है और अपनी सांगठनिक शक्ति से भारतीय राजनीति को नई दिशा दी है। समाज की सज्जनशक्ति को एकत्र कर उनसे संवाद बनाते हुए लोकजागरण का काम भी किया है। एक जागृत समाज कैसे निष्क्रियता छोड़कर सजग और सक्रिय हस्तक्षेप करे, यह संघ के निरंतर प्रयास हैं। पंच परिवर्तन का संकल्प इसी को प्रकट करता है।

        संघ भले ही स्वयं राजनीति में न हो, पर राजनीति पर उसके विचारों का गहरा प्रभाव परिलक्षित होने लगा है। राजनीतिक दलों में भी संघ पर टीका करने की होड़ दिखती है। जबकि संघ अपने ऊपर लगने वाले निरंतर मिथ्या आरोपों पर भी प्रायः खामोश रहता है। क्योंकि राजनीति के द्वारा उठाए जा रहे प्रश्नों का उत्तर देकर वह घटिया राजनीति का हिस्सा नहीं बनना चाहता। आज समाज जीवन में भी संघ को जानने की भूख है। लोग संघ से जुड़कर भारत का भविष्य गढ़ना चाहते हैं। इसलिए एक वरिष्ठ पदाधिकारी कहते हैं-

भारत को जानो, भारत को मानो

भारत के बने, भारत को बनाओ।

   यह बदला हुआ समय संघ के लिए अवसर भी है और परीक्षा भी। उम्मीद की जानी कि संघ अपने शताब्दी वर्ष में ज्यादा सरोकारी भावों से भरकर सामाजिक समरसता, राष्ट्रबोध जैसे विषयों पर समाज में परिवर्तन की गति को तेज कर पाएगा। संघ के अनेक पदाधिकारी इसे ईश्वरीय कार्य मानते हैं।  जाहिर है उनके संकल्पों से भारत मां एक बार फिर जगद्गुरू के सिंहासन के विराजेगी, ऐसा विश्वास स्वयंसेवकों की संकल्प शक्ति को देखकर सहज ही होता है।

 

बुधवार, 19 मई 2021

विचार को समर्पित बौद्धिक योद्धा

                                

कलम आज उनकी जय बोल

देश के चुनिंदा 11 पत्रकारों की कहानी, जिनके लिए पत्रकारिता का मतलब था भारतबोध का संचार, मूल्यनिष्ठा और समाज के लिए समर्पण

-प्रो. संजय द्विवेदी

  देश में पत्रकारिता के विस्तार और उसके एक उद्योग की तरह बदलने के बाद भी मिशनरी पत्रकारिता का भाव अभी भी जिंदा है। अनेक पत्रकारों ने अपने विचार और सिद्धांतों को जीवन की सुख-सुविधाओं से बड़ा माना। उसी के लिए जिए, संघर्ष में जीवन काटा पर न तो झुके, न टूटे, न समझौते किए। उनकी कलम न तो अटकी, न ही भटकी। ऐसे तपःपूतों ने विचारधारा के लोकव्यापीकरण में अनथक परिश्रम किया है। ऐसे अनाम योद्धाओं को याद करना जरूरी है, जो किसी बड़े मीडिया हाउस में बाजार के साथ चलते हुए बड़ा नाम और बड़ी सुविधाएं पा सकते थे। किंतु इन वैचारिक योद्धाओं ने अपनी विचार निष्ठा, ध्येय निष्ठा, राष्ट्रनिष्ठा को सर्वोपरि माना। यह विचार यज्ञ आज भी जारी है। नई पीढ़ी शायद इन कलमवीरों को उस तरह न जानती हो, किंतु उन्हें जानना अपनी आग तेज करने के लिए जरूरी है।

     इस कड़ी में सर्वाधिक खास योगदान है पांचजन्य का, जिसने राष्ट्रीय भावधारा की पत्रकारिता की अलख जगाई। उसके यशस्वी संपादकों की श्रृखंला में सर्वश्री अटलबिहारी वाजपेयी, राजीव लोचन अग्निहोत्री, ज्ञानेन्द्र सक्सेना, गिरीश चन्द्र मिश्र, महेन्द्र कुलश्रेष्ठ, तिलक सिंह परमार, यादव राव देशमुख, वचनेश त्रिपाठी, केवल रतन मलकानी, देवेन्द्र स्वरुप, दीनानाथ मिश्र, भानुप्रताप शुक्ल, रामशंकर अग्निहोत्री, प्रबाल मैत्र, तरूण विजय, बलदेवभाई शर्मा, जगदीश उपासने, हितेश शंकर जैसे नाम आते हैं। राष्ट्रधर्म,स्वदेश, तरूण भारत, साधना, हिंदुस्तान समाचार के संपादकों की गौरवशाली परंपरा भी राष्ट्रीय चेतना को विस्तारित करती रही है। नारद जयंती के मौके पर कुछ ऐसे साधक पत्रकारों को याद करना जरूरी है, जिनके द्वारा स्थापित परंपराओं और मूल्यनिष्ठा के आदर्श से वर्तमान पत्रकारिता को भी संबल मिल सकता है। साथ ही नई पीढ़ी को मूल्याधारित पत्रकारिता का सबक भी।

बहुमुखी प्रतिभा के धनी दादा साहब आप्टे


दादा साहब आप्टे

   दादा साहब आप्टे उपाख्य शिवराम शंकर आप्टे ने परमपूज्य गुरू जी की भावनानुसार हिंदुस्तान समाचार जैसी बहुभाषी समाचार एजेंसी की स्थापना की। यह एक सहकारी समिति थी। 19 मई,1905 को गुजरात के बड़ोदरा में जन्में दादा साहब जब विधि की पढ़ाई करने मुंबई आए तो आपने भारतीय संस्कृति के मर्मज्ञ विद्वान के.एम.मुँशी का सानिध्य प्राप्त किया। इसके बाद वे लियो प्रेस से जुड़े। 1939 के आसपास आप संघ के संपर्क में आए और राष्ट्र ही उनके लिए सर्वोपरि हो गया। हिंदुस्तान समाचार की स्थापना और उसके विस्तार में  उन्होंने आपने अपने आपको झोंक दिया। इस प्रकल्प में संघ के अनेक प्रचारक जुड़े जिनमें बापूराव लेले, नारायण राव तर्टे, बालेश्वर अग्रवाल,अशोक पंडित के नाम प्रमुख हैं। आप्टे जी ने राष्ट्रीय स्तर पर इसके विस्तार और तटस्थता व गुणवत्तापूर्ण समाचारों के प्रेषण के लिए जो योजनाएं बनाई उसके यह समाचार एजेंसी मीडिया क्षेत्र की अनिवार्य आवश्यक्ता बन गयी। पत्रकारिता के क्षेत्र में किसी भी सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन की प्रेरणा से चलने वाली इस एजेंसी ने मूल्य आधारित और वस्तुनिष्ठ पत्रकारिता की परंपरा को स्थापित किया। यह एजेंसी आज भी अपने स्थापित परंपरागत मूल्यों के साथ काम कर रही है। दादा साहब आप्टे एक अनाम योद्धा की तरह काम करते रहे। बाद में दिनों में उन्होंने विश्व हिंदू परिषद की संकल्पना और उसकी स्थापना में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। वे एक लेखक, पत्रकार, चित्रकार,यायावर, प्राचीन भारतीय वांग्मय के ज्ञाता होने के साथ अप्रतिम संगठनकर्ता भी थे। 10 अक्टूबर,1985 को इस महान प्रतिभा का निधन हो गया।

क्रांतिकथाओं के सर्जक वचनेश त्रिपाठी


वचनेश त्रिपाठी

     क्रांतिकारियों के इतिहास और उनके गौरव के व्याख्याकार रहे श्री वचनेश त्रिपाठी का जन्म 24 जनवरी,1914 को हरदोई(उप्र) के संडीला में हुआ था। सिर्फ 12 वीं तक औपचारिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद भी वचनेश जी बहुत प्रतिभावान और स्वाध्यायी थे।1935 में मात्र 15 वर्ष की आयु में मैनपुरी केस के फरार क्रांतिकारी देवनारायण भारतीय से उनका संपर्क हुआ और वे राष्ट्रीय आंदोलन में कूद पड़े। बालामऊ जंक्शन पुलिस चौकी लूटने के आरोप में उन्हें जेल भेजा गया। पं. रामप्रसाद बिस्मिल के दल में काम करते हुए साथियों के साथ मिलकर 1942 में भूमिगत पत्र ‘चिनगारी’ निकाला, उसका संपादन भी किया। श्री अटलबिहारी वाजपेयी जब संडीला में संघ के विस्तारक होकर आए तो वचनेश जी के घर पर ही रहते थे। दोंनों में प्रगाढ़ मैत्री हो गयी। लखनऊ से राष्ट्रधर्म, पांचजन्य और स्वदेश का प्रकाशन का कार्य अटलजी के जिम्मे आया, उन्होंने वचनेश जी को पत्रकारिता से जोड़ दिया। 1960 में वचनेश जी तरूण भारत के संपादक बने। 1967 से 1973 तथा 1975 से 1984 तक वे राष्ट्रधर्म के संपादक रहे। 1973 से 75 तक वे पांचजन्य के संपादक रूप में दायित्व निर्वहन करते रहे। वचनेश जी बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। साहित्य की हर विधा में उन्होंने काम किया और विपुल लेखन किया। बावजूद इसके क्रांतिकारियों की वीरगाथाओं में उनकी विशेष रूचि थी, अनेक क्रांतिकारियों से उनका संपर्क भी था। 2001 में उन्हें पद्मश्री से अलंकृत किया गया। बड़ा बाजार कुमार सभा पुस्तकालय, कोलकाता ने उन्हें हेडगेवार प्रज्ञा सम्मान से सम्मानित किया। 30 नवंबर,2006 को लखनऊ में उनका देहांत हो गया।

प्रसिद्धि परांगमुखता के विरल उदाहरण मामाजी

माणिकचंद्र वाजपेयी

   मामाजी के नाम से प्रख्यात श्री माणिकचंद्र वाजपेयी त्याग, अप्रतिम सादगी, समर्पण और प्रतिबद्धता के विरल उदाहरण हैं। उन सा होना कठिन है। 7 अक्टूबर,1919 को आगरा जिले के  बटेश्वर गांव में जन्में मामा जी ने लगभग चार दशक तक पत्रकारिता की। भिंड के एक अखबार देशमित्र से प्रारंभ उनकी पत्रकारिता को राष्ट्रीय पहचान स्वदेश, इंदौर के प्रकाशन के साथ मिली। 1966 में स्वदेश का प्रकाशन इंदौर से प्रारंभ हुआ तो मामा जी उसके संपादक बने। इसके बाद 1971 में ग्वालियर स्वदेश और स्वदेश के अन्य संस्करणों के प्रधान संपादक होने का श्रेय उन्हें प्राप्त है। आपातकाल में वे इंदौर जेल में 19 महीने बंद रहे किंतु उनकी कलम रूकी नहीं, वे जेल से ही संपादकीय लिखकर भेजते रहे।उन्होंने ज्योति जला निज प्राण की, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पहली अग्निपरीक्षा, आपात् कालीन संघर्ष गाथा,कश्मीर का कड़वा सच, पोप का कसता शिकंजा,भारतीय नारी स्वामी विवेकानंद की दृष्टि में, ज्योतिपथ, स्वामी विवेकानंद जीवन और विचार, मध्यभारत की संघ गाथा जैसी पुस्तकें लिखीं। आप इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष भी रहे। 2002 में जब माननीय अटलजी प्रधानमंत्री थे, तब स्वदेश (इंदौर) की योजना से दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर मामाजी का अभिनंदन समारोह ‘अमृत महोत्सव’ का आयोजन किया गया। उस दिन भार-विभोर होकर छल-छलाती आँखों से भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भरी सभा में मामाजी के चरणस्पर्श करने की अनुमति माँगी, तब वहाँ स्पंदित कर देने वाला वातावरण बन गया। भारत की राजसत्ता त्याग, समर्पण और निष्ठा के पर्याय साधु स्वभाव के मामाजी के सामने नतमस्तक थी। दिल्ली में आयोजित मामा जी जन्मशती वर्ष के समापन कार्यक्रम में पूज्य सरसंघचालक श्री मोहन भागवत जी ने कहा, किसी ने पूछा कि मामा जी कौन हैं? फिर भागवत जी ने कहा -माणिक चंद्र वाजपेयी कौन हैं? यही उनका सबसे बड़ा सर्टिफिकेट है। उनके इसी समर्पण के कारण आज हम उनके बारे में बातचीत कर रहे हैं। बीज मिट्टी में मिलकर वृक्ष खड़ा कर देता है। ऐसे ही थे मामाजी। वे जानते थे कि विश्व को अपना बनाना है तो पहले भारत को अपना बनाना होगा। इसके लिए भारतीयों को खड़ा करना होगा होगा।”

साधक महापुरुष माधव गोविंद वैद्य

माधव गोविंद वैद्य

    श्री मा.गो.वैद्य हमारे समय के साधक महापुरुष थे, जिन्होंने अपनी युवावस्था में जिस विचार को स्वीकारा अपनी सारी  गुणसंपदा उसे ही समर्पित कर दी। श्री वैद्य उन लोंगों मे थे, जिन्होंने पहले संघ को समझा और बाद में उसे गढ़ने में अपनी जिंदगी लगा दी।श्री वैद्य संपादक और लेखक के रुप में बहुत प्रखर थे। उनकी लेखनी और संपादन प्रखरता का आलम यह था कि तरूण भारत मराठी भाषा का एक लोकप्रिय दैनिक बना। उन्होंने अपने कुशल नेतृत्व  में अनेक पत्रकारों का निर्माण किया और पत्रकारों की एक पूरी मलिका खड़ी की। जीवन के अंतिम दिनों तक वे लिखते-पढ़ते रहे, उनकी स्मृति विलक्षण थी।वे स्वभाव से शिक्षक थे, जीवन से स्वयंसेवक और वृत्ति(प्रोफेशन) से पत्रकार थे। लेकिन हर भूमिका में संपूर्ण। कहीं कोई अधूरापन और कच्चापन नहीं। सच कहने का साहस और सलीका दोनों उनके पास था। वे एक ऐसे संगठन के ‘प्रथम प्रवक्ता’ बने, जिसे बहुत ‘मीडिया फ्रेंडली’ नहीं माना जाता था। वे ही ऐसे थे जिन्होंने प्रथम सरसंघचालक से लेकर वर्तमान सरसंघचालक की कार्यविधि के अवलोकन का अवसर मिला। उनकी रगों में, उनकी सांसों में संघ था। अनेक महत्वपूर्ण पुस्तकों का प्रणयन कर श्री वैद्य ने राष्ट्रीय भावधारा को एक बौद्धिक आधार दिया। 11 मार्च,1923 को जन्में श्री वैद्य ने 97 साल की आयु में 19 दिसंबर,2020 को नागपुर में आखिरी सांसें लीं। वे बहुत मेधावी छात्र थे,बाद के दिनों  में वे ईसाई मिशनरी की संस्था हिस्लाप कालेज, नागपुर में ही प्राध्यापक भी रहे।

एक आत्मविलोपी व्यक्तित्व रामशंकर अग्निहोत्री


रामशंकर अग्रिहोत्री

    प्रखर चिंतक, पत्रकार और संपादक श्री रामशंकर अग्निहोत्री का जन्म  4 अप्रैल, 1926 को मप्र के सिवनी मालवा हुआ। आरंभ में संघ के प्रचारक रहे श्री अग्निहोत्री बाद के दिनों में पत्रकारिता क्षेत्र में गए। 1951-52 में युगधर्म, नागपुर से जुड़कर उन्होंने पत्रकारिता प्रारंभ की।  पांचजन्य, राष्ट्रधर्म, तरूण भारत, हिंदुस्थान समाचार, आकाशवाणी, युगवार्ता वे जहां भी रहे राष्ट्रवाद की अलख जगाते रहे। उनका खुद का कुछ नहीं था। देश और उसकी बेहतरी के विचार उनकी प्रेरणा थे। राजनीति के शिखर पुरूषों की निकटता के बावजूद वे कभी विचलित होते नहीं दिखे। संपर्कों के मामले में उनका कोई सानी न था। पांचजन्य के प्रबंध संपादक, राष्ट्रधर्म के संपादक, लगभग एक दशक नेपाल में समाचार एजेंसी के संवाददाता, हिंदुस्थान समाचार के प्रधान संपादक और अध्यक्ष जैसे पदों पर रहे। अनेक देशों की यात्राएं की, विपुल लेखन किया। मध्यप्रदेश की सरकार ने उन्हें अपने प्रतिष्ठित माणिकचंद्र वाजपेयी सम्मान से अलंकृत किया था और उस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में पूर्व सरसंघचालक पूज्य श्री के.सी.सुदर्शन जी ने स्वीकार किया कि वे श्री अग्निहोत्री के ही बनाए स्वयंसेवक हैं और उनके एक वाक्य – “संघ तुमसे सब करवा लेगा” ने मुझे प्रचारक निकलने की प्रेरणा दी। यह एक ऐसा स्वीकार था जो रामशंकर अग्निहोत्री की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता को जताने के लिए पर्याप्त था। उनके बारे में पूर्व सांसद एवं पत्रकार स्व. राजनाथ सिंह कहा करते थे- वे आत्मविलोपी व्यक्तित्व हैं। जिन्हें पीछे रहकर काम करना आता है। अपने जीवन के अंतिम समय में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर (छत्तीसगढ़) में स्थापित शोधपीठ के अध्यक्ष रहे। 7 जुलाई,2010 को रायपुर में उनका निधन हो गया।

इतिहास के व्याख्याकार देंवेंद्र स्वरूप

देवेंद्र स्वरूप

 इतिहास, संस्कृति तथा भारतबोध के अप्रतिम व्याख्याकार और लेखक डा. देवेंद्र स्वरूप का जन्म 30 मार्च,1926 को मुरादाबाद(उप्र) के कांठ कस्बे में हुआ। 1947 से 1960 तक संघ के प्रचारक रहे श्री स्वरूप ने चेतना साप्ताहिक(वाराणसी) से पत्रकारिता प्रारंभ की। 1958 से सह-संपादक, संपादक और स्तंभ लेखक के नाते पांचजन्य से पूरी जिंदगी जुड़े रहे। 1960 से 1963 तक वे स्वतंत्र भारत (लखनऊ) में उपसंपादक भी रहे। दीनदयाल शोध संस्थान निदेशक व उपाध्यक्ष के रूप में आपने काम किया। संस्थान की शोध पत्रिका मंथन का संपादन लंबे समय तक संपादन किया। सन् 1964 से 1991 तक दिल्ली विश्वविद्यालय के पीजीडीएवी कालेज में इतिहास का अध्यापन करते हुए आपने विपुल लेखन किया। अपने लंबे पत्रकारीय एवं अकादमिक जीवन में आपने दो दर्जन से अधिक पुस्तकें और पांच हजार से अधिक लेख लिखे। एक राष्ट्रऋषि और साधक की तरह उनका पूरा जीवन संघ विचार को समर्पित रहा। श्री यादवराव देशमुख ने उनके बारे में ठीक ही कहा था- देवेंद्र स्वरूप भारतीय इतिहास तथा संस्कृति के गहन अध्येता हैं। यदि हम कहें कि वे राष्ट्रवादी पत्रकारिता पत्रकारिता के स्तंभ हैं तो इसमें अतिश्योक्ति नहीं होगी।  14 जनवरी,2019 को उनका दिल्ली में निधन हो गया। उनकी इच्छानुसार उनका देहदान सफदरजंग अस्पताल को किया गया।

यशस्वी संपादक,श्रेष्ठ शिक्षाविद् राधेश्याम शर्मा


श्री राधेश्याम शर्मा

राजस्थान के एक गांव जोनाइचकला में 01 मार्च,1934 को जन्में श्री राधेश्याम शर्मा अपने विद्यार्थी जीवन में काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी में पढ़ते हुए ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे। वे वाराणसी से जनसत्ता के लिए समाचार भेजा करते थे। 1956  से उन्होंने पूरी तरह अपने आपको पत्रकारीय कर्म में समर्पित कर दिया। उसके बाद मध्यप्रदेश ,पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली की पत्रकारिता में उन्होंने अपने उजले पदचिन्ह छोड़े। युगधर्म के एक नगर प्रतिनिधि से काम प्रारंभ कर वे उसके विशेष संवाददाता और फिर संपादक बने। 6 साल युगधर्म(जबलपुर) के संपादक रहने के बाद में वे दैनिक ट्रिब्यून, चंडीगढ़ जैसे महत्त्वपूर्ण अखबार के संपादक भी रहे। इतने बड़े अखबार के संपादक पद पर रहते हुए ही उन्होंने उसे छोड़कर मीडिया शिक्षा के लिए खुद को समर्पित कर दिया और 1990 में भोपाल में स्थापित हुए माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के पहले महानिदेशक (अब पदनाम कुलपति है)बने। इसके बाद वे हरियाणा साहित्य अकादमी के निदेशक भी बने। अपनी पूरी जीवन यात्रा में उन्होंने कभी मूल्यों से समझौता नहीं किया। पत्रकारीय जीवन में उन्होंने विविध क्षेत्रों के लोगों से लंबे इंटरव्यू किए। मुलाकातें कीं। किंतु उन्हें दादा माखनलाल चतुर्वेदी के साथ उनकी भेंटवार्ता सबसे प्रेरक लगती थी। वे उसे बार-बार याद करते थे। इस भेंट में माखनलाल जी ने उनसे कहा था – “पत्रकार की कलम न अटकनी चाहिए, न भटकनी चाहिए, न रुकनी चाहिए, न झुकनी चाहिए।”  राधेश्याम जी ने इसे अपना जीवन मंत्र बना लिया। 28 दिसंबर,2019 को उनका पंचकूला में निधन हो गया।

अभिव्यक्ति के खतरे उठाते रहे हुसैन


मुजफ्फर हुसैन

 श्री मुजफ्फर हुसैन एक ऐसे पत्रकार थे, जिन्होंने बिना बड़े अखबारों के संपादक जैसी कुर्सियों के भी, सिर्फ कलम के दम पर अपनी बात कही और देश ने उन्हें बहुत ध्यान से सुना। 20 मार्च,1940 को नीमच में जन्में पद्मश्री से अलंकृत श्री मुजफ्फर हुसैन जैसा मसिजीवी होना कठिन था। सत्ता के शिखर पुरुषों से निकटता के बाद भी उनसे एक मर्यादित दूरी रखते हुए, उन्होंने सिर्फ कलम के दम पर अपनी जिंदगी चलाई। नौकरी बहुत कम की। बहुत कम समय देवगिरि समाचार, औरंगाबाद के संपादक रहे। एक स्वतंत्र लेखक, पत्रकार और वक्ता की तरह वे जिए और अपनी शर्तों पर जिंदगी काटी। वे चाहते तो क्या हो सकते थे, क्या पा सकते थे यह कहने की आवश्यक्ता नहीं है। लेकिन उन्हें पता था कि वे एक लेखक हैं, पत्रकार हैं और उनकी अपनी सीमाएं हैं। भारतीय मुस्लिम समाज को भारतीय नजर से देखने और व्याख्यायित करने वाले वे विरले पत्रकारों में थे। अरब देशों और वैश्विक मुस्लिम दुनिया को भारतीय नजरों से देखकर अपने राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में समाचार पत्रों में विश्लेषण प्रस्तुत करने वाले वे ही थे। वे भारतीय मुस्लिमों को राष्ट्रीय प्रवाह में शामिल करने के स्वप्न देखते थे। वे मुस्लिम समाज में भारतीयता का भाव भरने के लिए अभिव्यक्ति के खतरे भी उठाते रहे। उन पर हुए हमले, विरोधों ने उन्हें अपने विचारों के प्रति अडिग बनाया। वे वही कहते,लिखते और बोलते थे जो उनके अपने मुस्लिम समाज और राष्ट्र के हित में था। उनके द्वारा लिखित ‘इस्लाम और शाकाहार’, ‘मुस्लिम मानस शास्र’, ‘दंगों में झुलसी मुंबई’, ‘अल्पसंख्याक वाद – एक धोखा’, ‘इस्लाम धर्म में परिवार नियोजन’, ‘लादेन, दहशतवाद और अफगानिस्तान’, ‘समान नागरी कायदा’ आदि पुस्तकें चर्चा में रहीं। 13 फरवरी,2018 को मुंबई में उनका निधन हो गया।

संघ पर लगे तीनों प्रतिबंधों में जेल गए वाजपेयी


भगवतीधर वाजपेयी

राष्ट्रीय भावना से अनुप्राणित होकर पत्रकारिता में आए श्री भगवतीधर वाजपेयी ने मध्यप्रदेश और विदर्भ की पत्रकारिता में महत्वपूर्ण स्थान बनाया। उच्चशिक्षा प्राप्त करने के बाद वे लखनऊ में ' स्वदेश' से पत्रकारिता का पहला पाठ सीखते हैं, जिसमें उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और नानाजी देशमुख जैसी महान विभूतियों के साथ काम करने का सौभाग्य मिला। आर्थिक संकटों से अखबार बंद होने के बाद वे अटल जी के साथ दिल्ली आकर 'दैनिक वीर अर्जुन' में काम करने लगे।  बाद के दिनों में अटल जी तो पूर्णकालिक राजनीतिज्ञ हो गए और भगवतीधर जी ने राष्ट्रवादी पत्रकारिता को अपने जीवन का मिशन बनाते हुए नागपुर से प्रकाशित 'दैनिक युगधर्म' के संपादकीय दायित्व को संभाला। युगधर्म (नागपुर-जबलपुर-रायपुर) के संपादक के रूप में उनकी पत्रकारिता ने राष्ट्रीय चेतना का विस्तार किया। 1957 में नागपुर में युगधर्म के संपादक के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने 1990 तक सक्रिय पत्रकारिता करते हुए युवा पत्रकारों की एक पूरी पौध तैयार की। उनकी समूची पत्रकारिता में मूल्यनिष्ठा, भारतीयता, संस्कृति के प्रति अनुराग और देशवासियों को सामाजिक और आर्थिक न्याय दिलाने की भावना दिखती है। 2006 में उन्हें मध्यप्रदेश शासन द्वारा माणिकचन्द्र वाजपेयी राष्ट्रीय पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी एक विचार के लिए लगा दी और संघर्षपूर्ण जीवन जीते हुए भी घुटने नहीं टेके। आपातकाल में न सिर्फ उनके अखबार पर ताला डाल दिया गया, वरन उन्हें जेल भी भेजा गया। संघ पर लगे तीनों प्रतिबंधों (वर्ष 1948, 1975 और 1992) में कारागृह की यात्रा करने वाले वे बिरले लोगों में से थे। श्री वाजपेयी का पिछले दिनों 7 मई,2021 को जबलपुर में निधन हो गया।

पत्रकारिता के शिक्षक डा. नंद किशोर त्रिखा


डा. नंदकिशोर त्रिखा

   नवभारत टाइम्स, लखनऊ के संपादक, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल के पत्रकारिता विभाग के संस्थापक अध्यक्ष, एनयूजे के माध्यम से पत्रकारों के हित की लड़ाई लड़ने वाले कार्यकर्ता, लेखक, सामाजिक कार्यकर्ता जैसी डा. नंदकिशोर त्रिखा की अनेक छवियां थीं। लेकिन वे हर छवि में संपूर्ण थे। पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल में उनके छोटे से कार्यकाल की अनेक यादें भोपाल में बिखरी पड़ी हैं। समयबद्धता और कक्षा में अनुशासन को उनके विद्यार्थी आज भी याद करते हैं। ये विद्यार्थी मीडिया में शिखर पदों पर हैं लेकिन उन्हें उनके बेहद अनुशासनप्रिय प्राध्यापक डा. त्रिखा नहीं भूले हैं। प्रातः 8 बजे की क्लास में भी वे 7.55 पर पहुंच जाने का व्रत निभाते थे। वे  ही थे, जिन्हें अनुशासित जीवन पसंद था और वे विद्यार्थियों से भी यही उम्मीद रखते थे। वे संपादक के रूप में व्यस्त रहे, किंतु समय निकालकर विद्यार्थियों के लिए पाठ्यपुस्तकें लिखते थे। उनकी किताबें हिंदी पत्रकारिता की आधारभूत प्रारंभिक किताबों  में से एक हैं। समाचार संकलन और प्रेस विधि पर लिखी गयी उनकी किताबें बहुमूल्य हैं। डॉ. त्रिखा छह वर्ष भारतीय प्रेस परिषद् के भी सदस्य और नैशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे । उन्होंने 1963 से देश के अग्रणी राष्ट्रीय दैनिक नवभारत टाइम्स में विशेष संवाददाता, वरिष्ठ सहायक-संपादक, राजनयिक प्रतिनिधि और स्थानीय संपादक के वरिष्ठ पदों पर कार्य किया । उससे पूर्व वे संवाद समिति हिन्दुस्थान समाचार के काठमांडू (नेपाल), उड़ीसा और दिल्ली में ब्यूरो प्रमुख और संपादक का दायित्व भी निभाया। 15 जनवरी,2018 को उनका दिल्ली में निधन हो गया।

आखिरी सांस तक लिखते रहे जयकृष्ण गौड़


जयकृष्ण गौड़

   जीवन की आखिरी सांस तक राष्ट्रभाव की पत्रकारिता करने वालों में एक प्रमुख नाम है श्री जयकृष्ण गौड़ का। 6 अगस्त,1944 को मप्र के राजगढ़ जिले सारंगपुर में जन्में श्री गौड़ इंदौर स्वदेश के संपादक, इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष,भाजपा-मप्र के मुखपत्र चैरेवेति के प्रधान संपादक रहे। स्वदेश(इंदौर) के नगर संवाददाता से लेकर वे उसके संपादक भी बने। 1977 में आपातकाल के दौरान वे मीसाबंदी भी रहे। बाल्यकाल से ही संघ की शाखा में उन्हें जो संस्कार मिले उसे उन्होंने पूरे जीवन निभाया। उच्च शिक्षा प्राप्त कर आपको शासकीय सेवा में काम करने का मौका मिला। यहां उनका मन रमा नहीं। शासकीय सेवा छोड़ वे स्वदेश से जुड़ गए। यहां श्री माणिकचंद्र वाजपेयी मामाजी के मार्गदर्शन में उन्होंने पत्रकारिता का ककहरा सीखा और खुद को स्वदेश के लिए समर्पित कर दिया। अनेक पुस्तकों का लेखन करते हुए राष्ट्रीय भाव के साहित्य को समृद्ध किया। बाद के दिनों में श्री गौड़ महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष, मप्र संस्कृत बोर्ड के अध्यक्ष भी रहे। 2010 उन्हें मप्र सरकार के माणिकचंद्र वाजपेयी सम्मान से अलंकृत किया गया। 14 अक्टूबर,2019 को भोपाल में उनका निधन हो गया।

    राष्ट्रीय भावधारा के ऐसे अनेक लेखकों, पत्रकारों ने हिंदी ही नहीं सभी भारतीय भाषाओं में अपना यशस्वी योगदान दिया है। अपनी राष्ट्रनिष्ठा और भारतप्रेम से भरे ये पत्रकार बिना किसी यश, पद, पुरस्कार और अन्य कामनाओं से लगातार लिखते रहे हैं, जूझते रहे हैं। उनकी सृजनयात्रा और उसके लिए उनका संघर्ष आज भी रोमांचित करता है। ऐसे तमाम अनाम योद्धाओं के बारे में ही कवि श्री रामकृष्ण श्रीवास्तव ने बहुत सार्थक पंक्तियां लिखीं हैं-

जो कलम सरीखे टूट गए पर झुके नहीं

यह दुनिया उनके आगे शीश झुकाती है।

जो कलम किसी कीमत पर बेची नहीं गयी

वह तो मशाल की तरह उठाई जाती है।

                                                                  -----------

शनिवार, 20 मार्च 2021

बड़े दिल वाले हैं दत्तात्रेय होसबाले

 

आरएसएस के नए सरकार्यवाह के सामने हैं कई चुनौतियां

-प्रो.संजय द्विवेदी



  संघ के सरकार्यवाह के रूप में 12 साल का कार्यकाल पूरा कर जब भैयाजी जोशी विदा हो रहे हैं, तब उनके पास एक सुनहरा अतीत है, सुंदर यादें हैं और असंभव को संभव होता देखने का सुख है। केंद्र में अपने विचारों की सरकार का दो बार सत्ता में आना शायद उनके लिए पहली खुशी न हो किंतु राम मंदिर का निर्माण और धारा 370 दो ऐसे सपने हैं, जिन्हें आजादी के बाद संघ ने सबसे ज्यादा चाहा था और वे सच हुए। ऐसा चमकदार कार्यकाल, संघ का सामाजिक और भौगोलिक विस्तार उनके कार्यकाल की ऐसी घटनाएं हैं, जिस पर कोई भी मुग्ध हो जाएगा। संघ की वैचारिक आस्था को जानने वाले जानते हैं कि संघ में व्यक्ति की जगह विचार और ध्येयनिष्ठा ज्यादा बड़ी चीज है। बावजूद इसके जब उनकी जगह दत्तात्रेय होसबाले ले रहें हैं, तब यह देखना जरूरी है, यहां से अब संघ के सामने क्या लक्ष्य पथ होगा और होसबाले इस महापरिवार को क्या दिशा देते हैं।

  अंग्रेजी में स्नातकोत्तर, आधुनिक विचारों के वाहक, जेपी आंदोलन के बरास्ते अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेता रहे और हिंदी-अंग्रेजी सहित कई भारतीय भाषाओं में संवाद कुशल होसबाले ने जब 13 साल की आयु में शाखा जाना प्रारंभ किया होगा, तब उन्हें शायद ही यह पता रहा कि यह विचार परिवार एक दिन राष्ट्र जीवन की दिशा तय करेगा और वे उसके नायकों में वे एक होगें। आपातकाल में 16 महीने जेल में रहे कर्नाटक के शिमोगा जिले के निवासी दत्तात्रेय होसबाले भी यह जानते हैं कि इतिहास की इस घड़ी में उनके संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसकी चुनौतियां विलक्षण हैं। उन्हें पता है कि यहां से उन्हें संगठन को ज्यादा आधुनिक और ज्यादा सक्रिय बनाते हुए उस नए भारत के साथ तालमेल करना है जो एक वैश्विक महाशक्ति बनने के रास्ते पर है। करोना जैसे संकट में हारकर बैठने के बजाए भारतीय मेघा की शक्ति को वैश्विक बनाते हुए उन्हें अपने कार्यकर्ताओं में वह आग फूंकनी है जिससे वे नई सदी की चुनौतियों को जिम्मेदारी से वहन कर सकें। 1992 के कानपुर विद्यार्थी परिषद के अधिवेशन में जब वे संघ के वरिष्ठ प्रचारक मदनदास देवी से परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री का दायित्व ले रहे थे, उसी दिन यह तय हो गया था कि वे एक दिन देश का वैचारिक नेतृत्व करेंगें। उसके बाद संघ के बौद्धिक प्रमुख और अब सरकार्यवाह के रूप में उनकी पदस्थापना इस बात का प्रतीक है कि परंपरा और सातत्य किस तरह किसी विचार आधारित संगठन को गढ़ते हैं। दत्ता जी एक उजली परंपरा के उत्तराधिकारी हैं और गुवाहाटी, पटना, लखनऊ, दिल्ली और बेंगलुरू में रहते हुए भी, देश भर में दौरा करते हुए उन्होंने राष्ट्र के मन को समझा है। राष्ट्र मन की अनुंगूंज, उसके सपनों और आकांक्षाओं की थाह उन्हें बेहतर पता है। इसी के साथ विदेशों में भारतीय समाज के साथ उनका सतत संवाद रहा है, इस तरह वे वैश्विक भारतीय मन के प्रवक्ता भी हैं। जिसे हमारे समय की चुनौतियों से जूझकर इस देश के राष्ट्रनायकों के सपनों को सच करना है। देश की आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में उनका संगठन शीर्ष पर होना कुछ कहता है। इसके मायने वे समझते हैं। सत्ता से मर्यादित दूरी रखते हुए वे उससे संवाद नहीं छोड़ते और अपना लक्ष्य नहीं भूलते। इस मायने में उनकी मौजूदगी एक संवादकुशल, प्रेरक और आत्मीय उपस्थिति भी है। वे लोकजीवन में गहरे घंसे हुए हुए हैं। वे स्वयं दक्षिण भारत से आते हैं, पूर्वोत्तर उनकी कर्मभूमि रहा है, असम की राजधानी गौहाटी में रहते हुए वे वहां के लोकमन की थाह लेते रहे हैं। पटना और लखनऊ में वर्षों रहते हुए उन्होंने हिंदी ह्दय प्रदेश की भी चिंता की है। उनका मन इन भौगोलिक विस्तारों से बड़ा बना है। इन प्रवासों ने उन्हें सही मायने में अखिलभारतीय और वैश्विक चिति का स्वामी बनाया है।  हम वसुधैव कुटुंबकम् कहते हैं वे इस मंत्र को जीने वाले नायक हैं। बहुत अपने से, बहुत स्नेहिल और बेहद आत्मीय।

 देश की युवा और छात्र शक्ति के बीच काम करते हुए उन्होंने उनके मन की थाह ली है। वे नई पीढ़ी से संवाद करना जानते हैं। उनके सपनों, उनकी आकांक्षाओं को जानते हैं। वे छात्र राजनीति के रास्ते समाज नीति में आए हैं इसलिए वे बहुत व्यापक और उदार हैं। उनकी रेंज और कवरेज एरिया बहुत बड़ा है। संघ के शिखर पदों पर रहते हुए वे देश के शिखर बुद्धिजीवियों, कलावंतों,विचारवंतों, साहित्य, संगीत,पत्रकारिता और सिनेमा की दुनिया के लोगों से संवाद रखते रहे हैं। इन बौद्धिक संवादों ने उन्हें समृद्ध किया है और उनकी चेतना को ज्यादा सरोकारी और ज्यादा समावेशी बनाया है। इस मायने में वे भारतीय मेघा का आदर करने वाले और उसे राष्ट्रीय सरोकारों से जोड़ने वाले कार्यकर्ता भी हैं। सामान्य स्वयंसेवक से लेकर देश की शिखर प्रतिभाओं से उनका आत्मीय संवाद है और सबके प्रति उनके मन में आदर है।

  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की एक खास परिपाटी है। संगठन की दृष्टि से संघ अप्रतिम है। इसलिए संगठन स्तर पर वहां कोई चुनौती नहीं है। वह अपने तरीके से चलता है और आगे बढ़ता जाता है। किंतु दत्ताजी का नेतृत्व उसे ज्यादा समावेशी, ज्यादा सरोकारी और ज्यादा संवेदनशील बनाएगा और वे अपने स्वयंसेवकों में वही आग फूंक सकेंगें जिसे लेकर वे शिमोगा के एक गांव से विचारयात्रा के शिखर तक पहुंचे हैं। उनका यहां पहुंचना इस भरोसे का भी प्रमाण है कि ध्येयनिष्ठा से क्या हो सकता है। उनकी शिखर पर मौजूदगी हमें आश्वस्त करती है कि भैया जी सरीखे प्रचारकों ने जिस परंपरा का उत्तराधिकार उन्हें सौंपा है, वे उस चादर को और उजला कर भारत मां के यश में वृद्धि ही करेंगें। साथ ही इस देश की तमाम शोषित, पीड़ित मानवता की जिंदगी में उजाला लाने के लिए अपने संगठन के सामाजिक प्रकल्पों को और बल देगें।