गुरुवार, 29 दिसंबर 2022

विश्व शांति के लिए जरूरी है हिन्दुत्व : सुनील आंबेकर

डॉ. इन्दु‍शेखर तत्पुरुष की पुस्तक 'हिन्दुत्व: एक विमर्श' का विमोचन


नई दिल्ली, 26 दिसंबर। प्रख्यात कवि, आलोचक एवं संपादक डॉ. इन्दु‍शेखर तत्पुरुष की पुस्तक 'हिन्दुत्व: एक विमर्श' का विमोचन करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख श्री सुनील आंबेकर ने कहा कि विश्व शांति के लिए हिन्दुत्व बेहद जरूरी है। आधुनिक समय में हिन्दुत्व के नियमों को भूलने का परिणाम हम जीवन के हर क्षेत्र में महसूस करते हैं। इस अवसर पर भारतीय जन संचार संस्थान के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) संजय द्विवेदी एवं पांचजन्य के संपादक श्री हितेश शंकर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एकात्म मानवदर्शन अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. महेश चंद्र शर्मा ने की। संचालन दिल्ली विश्वविद्यालय में वरिष्ठ आचार्या प्रो. कुमुद शर्मा ने किया।

श्री आंबेकर ने कहा कि हिन्दुत्व का मूल तत्व एकत्व की अनुभूति है। वेदों में जिस एकत्व की बात कही गई है, उसे समाज जीवन में महसूस किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसी एकत्व भाव के कारण हम एक रहे और आगे बढ़ते रहे। अब हमें अपने लिए नए मार्ग तलाशने हैं और हिन्दुत्व के नियम इस दिशा में हमारा मार्गदर्शन कर सकते हैं।

श्री आंबेकर के अनुसार हिन्दुत्व के नियमों के अनुसार एक दूसरे की चिंता करना जरूरी है। हमारे बीच प्रतिस्पर्धा हो, लेकिन एक दूसरे को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिस्पर्धा हो। उन्होंने कहा कि देश के सामान्यजनों तक हिन्दुत्व की समझ को पहुंचाना राष्ट्रीय कार्य है और हम सभी को मिलकर यह कार्य करना होगा।

भारतबोध का पर्याय है 'हिन्दुत्व: एक विमर्श' : प्रो. द्विवेदी

कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए भारतीय जन संचार संस्थान के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) संजय द्विवेदी ने कहा कि डॉ. इन्दु‍शेखर तत्पुरुष की पुस्तक 'हिन्दुत्व: एक विमर्श' भारतबोध का पर्याय है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से हिन्दुत्व को उजाला मिलेगा। डॉ. तत्पुरुष पुस्तक के माध्यम से एक सार्थक विमर्श हमारे सामने लेकर आए हैं, जिस पर चर्चा करना बेहद जरूरी है।

हिन्दुत्व के बिना दार्शनिक व्याख्या संभव नहीं : हितेश शंकर

पांचजन्य के संपादक श्री हितेश शंकर ने कहा कि संसार की दार्शनिक व्याख्या हिन्दुत्व के बिना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में पहले हिन्दुत्व, फिर भारत, भारतबोध और अंत में संस्कृति और स्वाधीनता की बात की गई है, जो आजादी के अमृतकाल में हम सभी के लिए मार्गदर्शक होगी। श्री शंकर ने पुस्तक को साहित्य से अकादमिक जगत की तरफ ले जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। 

एकात्म मानवदर्शन अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. महेश चंद्र शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में  डॉ. इन्दु‍शेखर तत्पुरुष को पुस्तक के प्रकाशन के लिए बधाई दी। 

पुस्तक के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. तत्पुरुष ने कहा कि पराधीन मानसिकता के कारण लोगों द्वारा हिन्दु‍त्व की मनमानी व्याख्या कर जो भ्रामक निष्कर्ष निकाले जा रहे हैं, इस पुस्तक के माध्यम से उस भ्रम को दूर करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर दो मत हो सकते हैं कि हिन्दुत्व भारतीयता का पर्याय है, लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं है कि हिन्दुत्व इसी देश और इसी मिट्टी की उपज है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों, लेखकों एवं साहित्यकारों ने हिस्सा लिया।




विचारों की घर वापसी है भारत की नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति : प्रो. संजय द्विवेदी

 

'राष्ट्र का एकत्व है अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का लक्ष्य'

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, ब्रज प्रांत के 63वें प्रांत अधिवेशन का आयोजन


कासगंज, 28 दिसंबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, ब्रज प्रांत के 63वें प्रांत अधिवेशन को संबोधित करते हुए भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) संजय द्विवेदी ने कहा कि भारत की नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति विचारों की घर वापसी है। बीते 24 महीनों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के हिसाब से कई परिवर्तनों की आधारशिला रखी गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के महायज्ञ में शिक्षा नीति सबसे महत्वपूर्ण तत्व है। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. भूपेंद्र सिंह, प्रांत अध्यक्ष डॉ. अमित अग्रवाल, प्रांत मंत्री सुश्री गौरी दुबे, क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री मनोज नीखरा एवं प्रांत संगठन मंत्री श्री मनीष राय सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

अधिवेशन के मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रो. द्विवेदी ने कहा कि शिक्षा परिसर से लेकर देश की सीमाओं तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्य कर रहा है। एबीवीपी अकेला ऐसा संगठन है, जो समाज के संकटों और राष्ट्र की चुनौतियों को अपना मानता है और उसका डटकर मुकाबला करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का एकत्व ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का लक्ष्य है। विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार और स्वावलंबन प्रदान करने में एबीवीपी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

आईआईएमसी के महानिदेशक के अनुसार आजादी के अमृतकाल में हमें अगले 25 वर्षों को स्वर्णिम काल में बदलना है। हमें एक ऐसा भारत बनाना है, जो अपनी जड़ों पर खड़ा हो और जिसकी सोच और अप्रोच नई हो। इस कार्य में विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ये सपने देखने का नहीं, बल्कि संकल्प पूरे करने का अमृतकाल है। इस महत्वपूर्ण समय में हमें भारत का भारत से परिचय कराने की जरुरत है।

प्रो. द्विवेदी के अनुसार आज ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, और सबका प्रयास’ देश का मूल मंत्र बन रहा है। आज हम एक ऐसी व्यवस्था बना रहे हैं, जिसमें भेदभाव की कोई जगह न हो, एक ऐसा समाज बना रहे हैं, जो समानता और सामाजिक न्याय की बुनियाद पर मजबूती से खड़ा हो और हम एक ऐसे भारत को उभरते देख रहे हैं, जिसके निर्णय प्रगतिशील हैं। उन्होंने कहा कि 26 हजार नए स्टार्टअप का खुलना दुनिया के किसी भी देश का सपना हो सकता है। ये सपना आज भारत में सच हुआ है, जिसके पीछे भारत के नौजवानों की शक्ति और उनके सपने हैं।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. भूपेंद्र सिंह ने कहा आजादी के 75 वर्षों के साथ विद्यार्थी परिषद के भी 75 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पास भारत माता की सेवा करने का सबसे पुराना अनुभव है। विश्व में कोई ऐसा संगठन नहीं है, जिसके पास युवाओं की इतनी बड़ी टीम हो। हमें अपनी इस शक्ति को नए भारत के निर्माण में लगाना है।   

प्रांत अध्यक्ष डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा भारतीय संस्कृति, सभ्यता और मर्यादा की रक्षा करने की जिम्मेदारी युवाओं पर है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद टुकड़े-टुकड़े गैंग को भारतवर्ष से बाहर करके रहेगा। इसके लिए संगठन को मजबूत करना और सदस्यता को बढ़ाना होगा, तभी ये कार्य संभव हो सकता है।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण डॉ. सुरेंद्र गुप्ता ने एवं धन्यवाद ज्ञापन श्री सुनील वार्ष्णेय ने दिया।



शुक्रवार, 23 दिसंबर 2022

भारतीय संस्कृति, धर्म और नीति की शिक्षा के पक्षधर थे मालवीय : मुरली मनोहर जोशी


राष्ट्र निर्माण था अटल बिहारी वाजपेयी की पत्रकारिता का लक्ष्य : अशोक टंडन

भारतीय जन संचार संस्थान में 'शुक्रवार संवादकार्यक्रम का आयोजन



नई दिल्ली23 दिसंबर। भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जन संचार संस्थान द्वारा आयोजित 'शुक्रवार संवाद' को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय भारतीय संस्कृतिधर्म और नीति की शिक्षा के पक्षधर थे। महामना के शिक्षा दर्शन के मूल में विद्यार्थियों के शारीरिकमानसिकबौद्धिक और आध्यात्मिक विकास की अवधारणा थी। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के तत्कालीन मीडिया सलाहाकार श्री अशोक टंडनआईआईएमसी के महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदीअपर महानिदेशक श्री आशीष गोयलडीन (अकादमिक) प्रो. गोविंद सिंह एवं डीन (छात्र कल्याण) प्रो. प्रमोद कुमार सहित आईआईएमसी के सभी केंद्रों के संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

'मदन मोहन मालवीय की शिक्षा दृष्टि' विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि मालवीय जी स्वतंत्रता सेनानीराजनीतिज्ञ और शिक्षाविद् ही नहींबल्कि एक बड़े समाज सुधारक भी थे। देश से जातिगत बेड़ियों को तोड़ने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान था। उनका कहना था कि जो शिक्षा लोगों में भेदभाव करेगीवो हमें स्वीकार नहीं है।

डॉ. जोशी ने कहा कि मालवीय जी की दूरदृष्टि कहां तक जाती थीइस पर समग्र रूप से विचार करने के लिए उनके जीवन के विविध पहलुओं का अध्ययन आवश्यक है। मालवीय जी भारतीय समाज एवं राष्ट्र के निर्माण के लिए ऐसे लोगों का सृजन करना चाहते थेजो समग्र रूप से विकसित होंआधुनिक ज्ञान-विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष हों और भारतीय संस्कृति में निहित मूल्यों पर चलने वाले हों।

इस अवसर पर 'अटल बिहारी वाजपेयी और पत्रकारिता के मूल्य' विषय पर विचार व्यक्त करते हुए श्री अशोक टंडन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे। अटलजी जनता की बातों को ध्यान से सुनते थे और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करते थे। श्री टंडन ने कहा कि अटल जी ने कठिन परिस्थितियों में पत्रकारिता की शुरुआत की और वह अखबार में खबर लिखनेसंपादन करने और प्रिंटिंग के साथ साथ समाचार पत्र वितरण का कार्य भी स्वयं करते थे।

श्री टंडन के अनुसार अटल जी ने मूल्यों की पत्रकारिता की और इसी वजह से आज भी पत्रकार अटल जी को अपना रोल मॉडल मानते हैं। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी राजनेता बनने से पहले एक पत्रकार थे। वह देश और समाज के लिए कुछ करने की प्रेरणा से पत्रकारिता में आए थे। उनके जीवन का लक्ष्य पत्रकारिता के माध्यम से पैसे कमाना नहींबल्कि राष्ट्र निर्माण था। उनकी कविताएं नौजवानों में उत्साह जगाने वाली थीं। अटल जी का मानना था कि समाचार पत्रों के ऊपर एक बड़ा राष्ट्रीय दायित्व है। भले ही हम समाचार पत्रों की गणना उद्योग में करेंलेकिन समाचार पत्र केवल उद्योग नहीं हैंउससे भी कुछ अधिक हैं।

कार्यक्रम का संचालन डिजिटल मीडिया विभाग की प्रमुख डॉ. रचना शर्मा ने किया।

शुक्रवार, 16 दिसंबर 2022

स्किल डेवलपमेंट से होगा आत्मनिर्भर भारत का निर्माण : प्रो. संजय द्विवेदी

आईआईएमसी के महानिदेशक ने दिया समाधानमूलक पत्रकारिता पर जोर

जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर में व्याख्यानमाला का आयोजन



जोधपुर, 13 दिसंबर। "स्किल डेवलपमेंट से समाज आत्मनिर्भर बनता है। भारत की कौशल के क्षेत्र में गौरवमयी परंपरा रही है। यहां के लोगों ने अपनी संस्कृति एवं हुनर से विश्व को चमत्कृत किया है।" यह विचार भारतीय जन संचार संस्थान के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) संजय द्विवेदी ने जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा आयोजित व्याख्यानमाला को संबोधित  करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के. एल. श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार श्री पदम मेहता एवं पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. एस. के. मीना सहित समस्त संकाय सदस्य, शोधार्थी और विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।

    'मीडिया के सामाजिक और राजनीतिक सरोकार' विषय पर आयोजित व्याख्यानमाला को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए प्रो. द्विवेदी ने कहा कि किसी भी सभ्य समाज के निर्माण के लिए अच्छे सामाजिक मूल्यों की स्थापना जरूरी है। एक अच्छा मनुष्य ही अच्छा पत्रकार बन सकता है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से अधिकार बोध के साथ कर्तव्य बोध को भी जागृत करने की आवश्यकता है। वर्तमान युग में समस्या के बजाय समाधानमूलक पत्रकारिता की आवश्यकता है। मीडिया का सामाजिक सरोकार इसी प्रकार के संवाद को बल देने का है।

   आईआईएमसी के महानिदेशक के अनुसार आधुनिक शिक्षा में नैतिक शिक्षा, पर्यावरण जागरूकता एवं कौशल विकास पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले मनुष्य ने प्रकृति के साथ समझौता किया। उसका वहां के जंगल, नदियों, पर्वतों से रिश्ता था। आज उसी पर्यावरण प्रेम की आवश्यकता है।

मीडिया साक्षरता की आवश्यकता : प्रो. द्विवेदी

 अपने जोधपुर प्रवास के दौरान प्रो. संजय द्विवेदी ने समाचार पत्र 'दैनिक जलते दीप' के संस्थापक संपादक स्व. माणक मेहता की 48वीं पुण्यतिथि पर आयोजित संगोष्ठी को भी संबोधित किया। 'डिजिटल समय में प्रिंट मीडिया' विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रो. द्विवेदी ने कहा कि परिवर्तन प्रकृति का नियम है, इसे रोका नहीं जा सकता, ऐसे में परिवर्तन के साथ ही चलना होगा। उन्होंने कहा कि आज विश्व की 51 प्रतिशत से अधिक की आबादी सोशल मीडिया पर है, ऐसे में आमजन तक मीडिया की आसान पहुंच हो गई है। मीडिया को एक छत के नीचे लाने का कार्य डिजिटल मीडिया ने किया है, जहां खबरे पढ़ने के अलावा देखी और सुनी जा सकती हैं। 

 भारतीय जन संचार संस्थान के महानिदेशक ने कहा कि मीडिया खत्म नहीं हो रहा है, बल्कि उसका स्वरूप बदल रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया के उपयोग से अलग तरह के सामाजिक संकट भी पैदा हो रहे हैं। ऐसे में मीडिया साक्षरता की आवश्यकता है। गांधीजी के 'बुरा ना देखें, बुरा ना सुने और बुरा ना बोलें' की तर्ज पर उन्होंने कहा कि अब 'बुरा ना शेयर करें, बुरा ना टाइप करें और बुरा ना लाइक करें'। 

  संगोष्ठी की अध्यक्षता राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति जस्टिस एनएन माथुर ने की। इस अवसर पर जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलपति प्रो. के. एल. श्रीवास्तव, सूरसागर विधायक श्रीमती सूर्यकांता व्यास, वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. कल्याण सिंह शेखावत, वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र बोडा एवं 'दैनिक जलते दीप' के समाचार संपादक गुरूदत्त अवस्थी भी मौजूद रहे।