बुधवार, 30 दिसंबर 2020

कैलेंडर के साथ जिंदगी भी बदल जाए तो बेहतर

                                                                -प्रो. संजय द्विवेदी

 

    यह साल जा रहा है, बहुत सी कड़वी यादें देकर। कोरोना और उससे उपजे संकटों से बने बिंब और प्रतिबिंब आज भी आंखों में तैर रहे हैं और डरा रहे हैं। यह पहला साल है, जिसने न जाने कितने जानने वालों की मौत की सूचनाएं दी हैं। पहले भी बीमारियां आईं, आपदाएं आईं किंतु उनका एक वृत्त है, भूगोल है, उनसे प्रभावित कुछ क्षेत्र रहे हैं। यह कोरोना संकट तो अजब है, जहां कभी भी और कोई भी मौत की तरह दर्ज हो रहा है। इस बीमारी की मार चौतरफा है रोजी पर, रोजगार पर, तनख्वाह पर, शिक्षा पर, समाज पर और कहां नहीं। डरे हुए लोग रोज उसके नए रूपों की सूचनाओं से हैरत में हैं। बचा-खुचा काम वाट्सएप और अन्य सामाजिक माध्यमों पर ज्ञान और सूचनाएं उड़ेलते लोग कर रहे हैं। यह कितना खतरनाक है कि हम चाहकर भी कुछ कर नहीं पा रहे। अपनी अस्त-व्यस्त होती जिंदगी और उसे तिल-तिल खत्म होता देखने के सिवा। ऐसे में नए साल का इंतजार भी है और भरोसा भी है कि शायद चीजें बदल जाएं। कैलेंडर का बदलना, जिंदगी का बदलना हो जाए। नया साल उम्मीदों का भी है, सपनों का भी। उन चीजों का भी जो पिछले साल खो गयीं या हमसे छीन ली गयीं।

      मनुष्य की जिजीविषा ही उसकी शक्ति है, इसलिए खराब हालात के बाद भी, टूटे मन के बाद भी लगता है कि सब कुछ ठीक होगा और एक सुंदर दुनिया बनेगी । 2021 का साल इस मायने में बहुत सारी उम्मीदों का साल है, टूटे सपनों को पूरा करने के लिए फिर से जुटने का साल है। 2020 की बहुत सारी छवियां हैं, करोना से टूटते लोग हैं, महानगरों से गांवों को लौटते लोग हैं, बीमारी से मौत की ओर बढ़ते लोग हैं, नौकरियां खोते और गहरी असुरक्षा में जीते हुए लोग हैं। मनुष्य इन्हीं आपदाओं से जूझकर आगे बढ़ता है और पाता है पूरा आकाश। इसीलिए श्री अटल बिहारी वाजपेयी लिख पाए-

जड़ता का नाम जीवन नहीं है,

पलायन पुरोगमन नहीं है।

आदमी को चाहिए कि वह जूझे

परिस्थितियों से लड़े,

एक स्वप्न टूटे तो दूसरा गढ़े।

    हमें अपने सपनों को सच करना है, हर हाल में। आपदा को अवसर में बदलते हुए आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते हुए। इस जाते हुए साल ने हमें दर्द दिए हैं, आंसू दिए हैं पर वह हमें तोड़ नहीं पाया है। न हमारी जिजाविषा को, न हमारे मन को, न ही जीवन की गति को। नए अवसरों और नए रास्तों की तलाश में यह सारा वर्ष गुजरा है। हमारा समय, संवाद और शिक्षा सब कुछ डिजिटल होती दिखी। अब कक्षाओं का डिजिटल होना भी एक सच्चाई है। संवाद, वार्तालाप, कार्यशालाओं, संगोष्ठियों को डिजीटल माध्यमों पर करना संभव हुआ है। इसे ज्यादा सरोकारी, ज्यादा प्रभावशाली बनाने की विधियां निरंतर खोजी जा रही हैं। इस दिशा में सफलता भी मिल रही है। गूगल मीट, जूम, जियो मीट, स्काइप जैसे मंच आज की डिजिटल बैठकों के सभागार हैं। जहां निरंतर सभाएं हो रही हैं, विमर्श निरंतर है और संवाद 24X7  है। कहते हैं डिजिटल मीडिया का सूरज कभी नहीं डूबता। वह सदैव है, सक्रिय है और चैतन्य भी। हमारे विचार, व्यवहार और आदतों में भी बदलाव साफ दिख रहा है। हम बदल रहे हैं, देश बदल रहा है। अब वह पुराने साल को बिसार कर नए साल में नई आदतों के साथ प्रवेश कर रहा है। ये आदतें सामाजिक व्यवहार की भी हैं और निजी जीवन की भी। यह व्यवहार और आदतों को भी बदलने वाला साल है। स्वास्थ्य, सुरक्षा और डिजिटल दुनिया की त्रिआयामी कड़ी ने इस जाते हुए साल को खास बनाया है। 2020 ने हमें प्रकृति के साथ रहना सिखाया, पर्यावरण के प्रति ममत्व पैदा किया तो हाथ जोड़कर नमस्कार को विश्व पटल पर स्थापित कर दिया। साफ-सफाई के प्रति हमें चैतन्य किया। इसका असर भी दिखा साफ आसमान, साफ नदियां, खिला-खिला सा पूरा वातावरण,चहचहाते पक्षी कुछ कह रहे थे। दर्द देकर भी इसने बहुत कुछ सिखाया है, समझाया है। हमें कीमत समझायी है- अपनी जमीन की, माटी की, गांव की और रिश्तों की। परिवार की वापसी हुई है। जिसे हमारे विद्वान वक्ता श्री मुकुल कानिटकर घरवास की संज्ञा दे रहे हैं। लाकडाउन में जीवन के नए अनुभवों ने हमें बहुत कुछ सिखाया है। नई पदावली से हम परिचित हुए हैं। एक नए जीवन ने हमारी जीवनशैली में प्रवेश किया है।

     हम कोरोना से सीखकर एक नई जिंदगी जी रहे हैं। बीता हुआ समय हमें अनेक तरह से याद आता है। हम सब स्मृतियों के संसार में ही रहते हैं। बीते साल की ये यादें हमें बताएंगी कि हमने किस तरह इस संकट से जूझकर इससे निजात पाई थी। किस तरह हमारे कोरोना योद्धाओं ने हमें इस महासंकट से जूझना और बचना सिखाया। अपनी जान पर खेलकर हमें जिंदगी दी। वे चिकित्सा सेवाओं के लोग हों, पुलिसकर्मी हों, पत्रकार हों या विविध सेवाओं से जुड़े लोग सब अग्रिम मोर्चे पर तैनात थे। बहुत सारे सामाजिक संगठनों और निजी तौर पर लोगों ने राहत पहुंचाने के भी अनथक प्रयास किए, इसकी जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है। किस तरह हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने एक राष्ट्रनायक की तरह देश को जोड़कर इस संकट में साथ रहना और संकटों से जूझने की शक्ति दी। कल्पना कीजिए उन जैसा नायक न होता तो हमारा क्या होता? उनके प्रेरित करने वाले वक्तव्यों ने, संवादों ने हमें संबल दिया और घने अँधेरे और कठिन समय में भी हम संबल बनाकर रख सके। संवाद और संचार कैसे टूटे मनों को जोड़ने का काम करता है और एक आदर्श संचारक इस शक्ति का कैसे उपयोग करता है, हमारे प्रधानमंत्री इसके उदाहरण हैं। इस साल ने हमें मनुष्य बने रहने का संदेश दिया है। अहंकार और अकड़ को छोड़कर विनीत बनने की सीख हमें मिली है। क्योंकि प्रकृति की मार के आगे किसी की नहीं चलती और बड़े-बड़े सीधे हो जाते हैं। प्रकृति से संवाद और प्रेम का रिश्ता हमें बनाना होगा, तभी यह दुनिया रहने लायक बचेगी। महात्मा गांधी ने कहा था पृथ्वी हर मनुष्य की जरूरत को पूरा कर सकती है, परंतु पृथ्वी मनुष्य के लालच को पूरा नहीं कर सकती है।   

     नए साल-2021 की पहली सुबह का स्वागत करते हुए हम एक अलग भाव से भरे हुए हैं। इस साल ने तमाम बुरी खबरों के बीच उजास जगाने वाली खबरें भी दी हैं, अयोध्या में राममंदिर की नींव का रखा जाना, नए संसद भवन का शिलान्यास, नई राष्ट्रीय शिक्षा का आना, राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी की परिकल्पना, सेना में महिलाओं को स्थाई कमीशन के साथ बोडो ग्रुप और सरकार के बीच समझौता साधारण खबरें नहीं हैं। इसके साथ ही हमारी राजनीति, संस्कृति और साहित्य की दुनिया के अनेक नायक हमें इस साल छोड़कर चले गए उसका दुख भी विरल है। जिनमें पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, राजनेता रामविलास पासवान, जसवंत सिंह, अहमद पटेल, अजीत जोगी, रघुवंश प्रसाद सिंह, अमर सिंह, अजीज जोगी, लालजी टंडन, तरूण गोगोई पूर्व क्रिकेटर और उप्र सरकार के मंत्री चेतन चौहान, एमडीएच मसाले के महाशय धर्मपाल गुलाटी, पत्रकार अश्विनी कुमार चोपड़ा, ललित सुरजन, राजीव कटारा, मंगलेश डबराल, वरिष्ठ पत्रकार और समाज चिंतक मा.गो.वैद्य, रंगकर्मी ऊषा गांगुली, उपन्यासकार कृष्ण बलदेव वैद्य, गिरिराज किशोर, राहत इंदौरी, विष्णुचंद्र शर्मा, अहद प्रकाश जैसे अनेक नाम हैं, जिनकी याद हमें लंबे समय तक आती रहेगी। इन विभूतियां न होना एक ऐसा शून्य रच रहा है जिसे भर पाना कठिन है। 

   बावजूद इसके उम्मीद है कि नववर्ष सारे संकटों से निकाल कर नया उजाला हमारी जिंदगी में लाएगा। उस रौशनी से हिंदुस्तान फिर से जगमगा उठेगा। एक नया भारत बनने की ओर है,यह आकांक्षावान भारत है, उत्साह से भरा, उमंगों से भरा, नए सपनों से उत्साहित और नयी चाल में ढलने को तैयार। निराला जी की इन पंक्तियों की तरह-

नव गति, नव लय, ताल-छंद नव

नवल कंठ, नव जलद-मन्द्र रव;

नव नभ के नव विहग-वृंद को

नव पर, नव स्वर दे!



रविवार, 20 दिसंबर 2020

मा.गो.वैद्यः उन्हें भूलना है मुश्किल

 

-प्रो.संजय द्विवेदी




मुझे पता है एक दिन सबको जाना होता है। किंतु बहुत कम लोग ऐसे होते हैं, जिनके जाने से निजी और सार्वजनिक जीवन में जो शून्य बनता है, उसे भर पाना मुश्किल होता है। श्री मा.गो.वैद्य चिंतक, विचारक, पत्रकार, प्राध्यापक, विधान परिषद के पूर्व सदस्य और मां भारती के ऐसे साधक थे, जिनकी उपस्थिति मात्र यह बताने के लिए काफी थी कि अभी सब कुछ खत्म नहीं हुआ है। वे हैं तो सुनेंगें और जरूरत होने पर सुना भी देंगें। उनकी वाणी, कलम और कृति सब एकमेक थे। कहीं कोई द्वंद्व नहीं, कोई भ्रम नहीं।  

वे स्वभाव से शिक्षक थे, जीवन से स्वयंसेवक और वृत्ति(प्रोफेशन) से पत्रकार थे। लेकिन हर भूमिका में संपूर्ण। कहीं कोई अधूरापन और कच्चापन नहीं। सच कहने का साहस और सलीका दोनों उनके पास था। वे एक ऐसे संगठन के प्रथम प्रवक्ता बने जिसे बहुत मीडिया फ्रेंडली नहीं माना जाता। वे ही ऐसे थे जिन्होंने प्रथम सरसंघचालक से लेकर वर्तमान सरसंघचालक की कार्यविधि के अवलोकन का अवसर मिला। उनकी रगों में, उनकी सांसों में संघ था। उनके दो पुत्र भी प्रचारक हैं। जिनमें से एक श्री मनमोहन वैद्य संघ के सहसरकार्यवाह हैं। यानि वे एक परंपरा भी बनाते हैं, सातत्य भी और सोच भी। 11 मार्च,1923 को जन्मे श्री वैद्य ने 97 साल की आयु में नागपुर में आखिरी सांसें लीं। वे बहुत मेधावी छात्र थे,बाद के दिनों  में वे ईसाई मिशनरी की संस्था हिस्लाप कालेज, नागपुर में ही प्राध्यापक रहे।

प्रतिबद्धता थी पहचान

 उनके अनेक छात्र उन्हें आज भी याद करते हैं। वरिष्ठ पत्रकार श्री प्रकाश दुबे ने अपने एक लेख में लिखा है-मेरी जानकारी के अनुसार श्री माधव गोविंद वैद्य यानी बाबूराव वैद्य से पहले संघ में प्रवक्ता का पद नहीं हुआ करता था। संघ की आत्मकेन्द्रित गतिविधियों को लेकर तरह तरह के कयास लगाया जाना अस्वाभाविक नहीं था। सरसंघचालक प्रवास के दौरान संवाद माध्यमों से यदा कदा बात करते। उनके कथन में शामिल वाक्यों और कई बार तो वाक्यांश के आधार पर विश्लेषण किया जाता। कपोल-कल्पित धारणाएं तैयार होतीं। श्री वैद्य मेरे गुरु रहे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में नहीं। श्री वैद्य वर्षों तक संघ से जुड़े मराठी दैनिक तरुण भारत के संपादक थे। नागपुर विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग में फंडामेंटल्स आफ गुड राइटिंग अंगरेजी पढ़ाते थे। कक्षा में श्री वैद्य से जमकर विवाद होता। तीखा परंतु, शास्त्रार्थ की परिपाटी का। कहीं व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप नहीं। अपनी धारणा पर श्री वैद्य अटल रहते।  यह साधारण  नहीं था उनके निधन पर देश के प्रधानमंत्री, उपराष्ट्रपति से लेकर सरसंघचालक ने गहरा दुख जताया। श्री भागवत और सरकार्यवाह भैयाजी जोशी ने अपने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि उनके शरीर छोड़ने से हम सब संघ कार्यकर्ताओं ने अपना छायाछत्र खो दिया है।” 

विनोदी स्वभाव और विलक्षण वक्ता

  श्री वैद्य को मप्र सरकार ने अपने एक पुरस्कार से सम्मानित  किया। उस दिन सुबह भोपाल के एक लोकप्रिय दैनिक ने यह प्रकाशित  किया कि श्री वैद्य संघ के प्रचारक हैं और उन्हें पत्रकारिता का पुरस्कार दिया जा रहा है। वैद्य जी  ने  इस  समाचार पर अपनी प्रतिक्रिया बड़ी सहजता और विनोद भाव से कार्यक्रम  में प्रकट की, आयोजन में  मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान भी मंच पर थे। वैद्य जी  ने अपने संबोधन में  कहा कि भोपाल के एक प्रमुख दैनिक ने  लिखा है कि मैं प्रचारक  हूं, जबकि मैं प्रचारक नहीं हूं, बल्कि दो प्रचारकों का बाप हूं। उनके इस विनोदी टिप्पणी पर पूरा हाल खिलखिला  उठा। बाद में उन्होंने जोड़ा कि मेरे दो पुत्र प्रचारक हैं।  

मेरा सौभाग्य है कि मुझे उनका सानिध्य अनेक बार मिला। उन्हें सुनना एक विरल अनुभव होता था। इस आयु में भी वे बिना किसी कागज या नोट्स के बहुत व्यवस्थित बातें  करते थे। उनके व्याख्यानों के विषय बेहद सधे हुए और एक -एक शब्द संतुलित होते थे। 19 नवंबर, 2015 को वर्धा के महात्मा गांधी अंतराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के हबीब तनवीर सभागृह में उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय पर केंद्रित मेरे द्वारा संपादित पुस्तक भारतीयता का संचारक –दीनदयाल  उपाध्याय का लोकार्पण भी किया। यहां उन्होंने राष्ट्रवाद पर बेहद मौलिक व्याख्यान दिया और भारतीय राष्ट्रवाद और पश्चिमी राष्ट्रवाद को बिलकुल नए संदर्भों में व्याख्यायित किया।

  श्री वैद्य एक संपादक के रुप में बहुत प्रखर थे। उनकी लेखनी और संपादन प्रखरता का आलम यह था कि तरूण भारत मराठी भाषा का एक लोकप्रिय दैनिक बना। उन्होंने अपने कुशल नेतृत्व  में अनेक पत्रकारों का निर्माण किया और पत्रकारों की एक पूरी मलिका खड़ी की। जीवन के अंतिम दिनों तक वे लिखते-पढ़ते रहे, उनकी स्मृति विलक्षण थी।

कुशल संपादक और पारखी नजर

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल ने उन्हें 2018 डी.लिट् की मानद उपाधि से सम्मानित करने का निर्णय लिया। इस वर्ष श्री अमृतलाल वेगड़, श्री महेश श्रीवास्तव और श्री वैद्य को डी.लिट् की उपाधि मिलनी थी। माननीय उपराष्ट्रपति श्री वैकेंया नायडू दीक्षांत समारोह के लिए 16 मई,2018 को भोपाल पधारे। विश्वविद्यालय के कुलाध्यक्ष के नाते उन्होंने इन नामों की घोषणा की। अपने स्वास्थ्य के चलते श्री वैद्य आयोजन में नहीं आ सके। तत्कालीन कुलपति श्री जगदीश उपासने ने निर्णय लिया कि 23 मई,2018 को उनके उनके गृहनगर नागपुर में एक सारस्वत आयोजन कर श्री वैद्य को  यह उपाधि दी  जाए। उस अवसर पर कुलसचिव होने के नाते समारोह का संचालन मैंने किया। समारोह के बाद व्यक्तिगत भेंट में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 90 वर्ष पूरे होने पर मेरे द्वारा संपादित पुस्तक ध्येय पथकी प्रति उन्हें भेंट की। मुझे उनके स्वास्थ्य के नाते लग रहा था कि शायद  ही वे पुस्तक को देखें। किंतु 22 जुलाई,2018 को  उनका एक मेल  मुझे प्राप्त हुआ, जिसमें पुस्तक के बारे में उन्होंने लिखा कि कुछ त्रुटियां यत्र-तत्र हैं। उन्होंने लिखा-  

प्रिय प्रोसंजयजी द्विवेदी

सादर सस्नेह नमस्कार।

 मुझे मानद डिलिट्पदवी देने के अवसर पर आपने सम्पादित की ‘ध्येयपथ’ (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नौ दशकयह पुस्तक भेंट की थी। उसको मैंने अथ से इति तक पूरा पढ़ा। किताब अच्छी है। कुछ त्रुटियाँ यत्र तत्र दिखी हैं। किन्तु सम्पूर्ण पुस्तक संघ के कार्य की विशेषताओं को प्रकट करती है।

जब त्रुटियाँ ध्यान में आयीतब मैंने उनको अंकित नहीं किया था। अतउनकी चर्चा मैं यहाँ नहीं करूंगा। केवल ‘संघ की प्रार्थना’ इस प्रकरण के सम्बन्ध में मुझे यह कहना है कि संघ की आज की प्रार्थना प्रथम बार 1940 में पुणे संघ शिक्षा वर्ग में गायी गयी थी। बाद में नागपुर में। क्योंकि पुणे का संघ शिक्षा वर्ग प्रथम शुरू हुआ और बाद में नागपुरका।

प्रार्थना का प्रथम गायनदोनों स्थानोंपर श्री यादवराव जोशी ने ही किया था। प्रार्थना का मराठी प्रारूप 1939 में सिन्दी में (नागपुरसे करीब 50 कि.मी.) बनाया गया था।

 उस बैठक में पपूडॉक्टरजीपूश्री गुरुजीमाननीय आप्पाजी जोशी (वर्धा जिला संघचालक), माननीय बालासाहब देवरस आदि ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे। उसका संस्कृत श्रीनरहरि नारायण भिडेजी ने किया। वे प्राध्यापक नहीं थे। एक विद्यालय में शिक्षक थे।

 

अस्तु। शेष सब शुभ।

स्नेहांकित

मागोवैद्य

ऐसे साधक पत्रकार-संपादक की स्मृतियां अनंत हैं। एक याद जाती है तुरंत दूसरी आती  है। उन्हें याद करना एक ऐसे नायक को याद करना है, जिसके बिना हम पूरे नहीं  हो सकते। वे सही मायने में हमारे समय के साधक महापुरुष थे, जिन्होंने अपनी युवावस्था में जिस विचार को स्वीकारा अपनी सारी  गुणसंपदा उसे ही समर्पित कर दी। वे उन लोगों मे थे जिन्होंने पहले संघ को समझा और बाद में उसे गढ़ने में अपनी जिंदगी लगा दी। उनकी पावन स्मृति को शत्-शत् नमन।