शुक्रवार, 31 मई 2024

इंदौर: ये शहर है अमन का, यहां की फिजां है निराली


- प्रो.संजय द्विवेदी 


                                                 नई दुनिया , इंदौर में 31 मई,2024 को प्रकाशित


मध्यप्रदेश का एक शहर इंदौर। यह राजधानी नहीं है, एक शहर है। अपनी तरह का अलग और खास। बहुत खास। अपने संस्कार, शिक्षा, व्यापार, पत्रकारिता, संस्कृति, राजनीति, खानपान सबके लिए खास। हिंदुस्तान की आजादी के बाद की पत्रकारिता में हिंदी मीडिया का सबसे खास स्कूल। नामवर संपादकों,लेखकों,स्तंभकारों, संगीतकारो, कलाकारों , खिलाड़ियों, व्यापारियों का शहर। बाबा साहब आंबेडकर की जन्मभूमि महू से लेकर एक समय में ही राहुल बारपुते, राजेंद्र माथुर, प्रभाष जोशी, माणिकचंद्र वाजपेयी, वेदप्रताप वैदिक जैसे नामों को अपने साथ समेटे। बहुत बड़ी सूची, बहुत बड़ा काम। अप्रतिम योगदान। ऐसे शहर जो सिर्फ बसे नहीं जहां जीवन भी है, इंदौर उनमें एक है। अपने खास अंदाज और मालवा की माटी की महक ने इसे बनाया है।

  स्वागतधर्मी और संस्कृतिधर्मी दोनों कह लीजिए। मुहब्बत ऐसी कि यहीं बस जाने का दिल करे। बहुत जिंदादिल और आत्मीय। महानगर होने के बाद भी गंवई दिल, देशज अंदाज और कनेक्टिविटी को बचाकर, बनाकर रखने वाला दिलदार शहर। यहां साहित्य,संस्कृति, कला और संगीत की दुनिया भी बेहद समृद्ध है।‘नई दुनिया’ के मीडिया स्कूल ने किस तरह हिंदी पत्रकारिता के नायकों को गढ़ा और उन सबने कैसे भारतीय पत्रकारिता और देश-विदेश के मीडिया संस्थाओं को समृद्ध किया, इसे जानना जरूरी है। राजबाड़ा से सराफे तक फैली रौनकें, जिंदादिली, पोहे और जलेबी के साथ पलता, साथ चलता 'विचार' इस शहर की खासियत है। 

ये देश का सबसे स्वच्छ शहर भी है। अपने मन की तरह पवित्र और साफ। इस शहर ने भारत रत्न लता मंगेशकर और मंगेशकर परिवार को भारत में संगीत साधना का पर्याय बनते देखा। कुमार गंधर्व, उस्ताद अमीर अली खां, किशोर कुमार, गोकुल उत्सव को सुनकर संगीत की ऊंचाई महसूस की है तो श्री राजेंद्र माथुर से एक अद्भुत गद्य शैली पाई है। इस शहर से श्री प्रभाष जोशी और श्री वेदप्रताप वैदिक की गहरी जनधर्मिता की यादें जुड़ी हैं। इसी के साथ राष्ट्रीय भावधारा की पत्रकारिता की मिसाल बन गए श्री माणिकचंद्र वाजपेयी और श्री जयकृष्ण गौड़ की स्मृतियां भी हैं।

इंदौर से ‘वीणा’ जैसी अत्यंत समृद्ध साहित्यिक पत्रिका निकली जो अब सौ साल पूरे करने की ओर है। ‘मीडिया विमर्श’ द्वारा दिए जाने वाले पं.बृजलाल द्विवेदी स्मृति अखिल भारतीय साहित्यिक पत्रकारिता सम्मान के तहत ‘वीणा’ के दो संपादकों श्री श्यामसुंदर व्यास और श्री राकेश शर्मा को सम्मानित करने का सौभाग्य हमें मिला है। दोनों आयोजन इंदौर में हुए और हम इंदौर के साहित्य रसिकों का सान्निध्य पाकर धन्य हुए।  

 इंदौर में होना जिंदगी और जिंदादिली के साथ होना है। फिल्म संसार में लेखक, कलाकारों की भावभूमि यहां बनी। सलीम खान और उनके बेटे सलमान खान,जानी वाकर का ये शहर रहा है। क्रिकेट और हाकी की दुनिया में भी इंदौर ने नामवर लोग दिए। शंकर लक्ष्मण हाकी के सितारे बने तो क्रिकेट में कैप्टन मुश्ताक अली, कर्नल सीके नायडू, राहुल द्रविड़, नरेन्द्र हिरवानी कौन भूल सकता है। लेखकों में बहुत लंबी सूची हिंदी, उर्दू, मराठी में श्रेष्ठ लेखन से पहचान बनाने वालों का शहर। उर्दू में राहत इंदौरी तो हिंदी में ज्ञानपीठ पुरस्कार से अलंकृत नरेश मेहता जैसे नाम। सिने लेखन में श्रीराम ताम्रकार और जयप्रकाश चौकसे जैसे दिग्गज। क्रिकेट कमेंट्री करने वाले पद्मश्री से अलंकृत सुशील दोषी की आवाज आज भी कानों में बसी हुई लगती है। फिल्मी दुनिया में अपने सुरीले गीतों से ख्यातिनाम हुए स्वानंद किरकिरे इस शहर के ही हैं। सामाजिक काम और व्यापार यहां साथ चले हैं। अपनी सामाजिक सोच से व्यापार क्षेत्र के लोगों ने भी इंदौर को चमकदार बनाया। जिसमें सर सेठ हुकुमचंद कासलीवाल, बाबूलाल पटौती, बाबूलाल बाहेती को भूलना नहीं चाहिए। शहर को साहित्यिक, सामाजिक और सांस्कृतिक परिवेश देने में संस्थाओं की बड़ी भूमिका रही है। मध्यभारत हिंदी साहित्य समिति, अभ्यास मंडल,अभिनव कला समाज, सानंद न्यास जैसी अनेक संस्थाओं ने शहर को जीवंत बनाए रखा। इंदौर अपनी इन्हीं बहुरंगी छवियों से बना है। उसे कुछ लोग मिनी बांबे कहते हैं, किंतु इंदौर, इंदौर ही है। इंदौर और उसकी इंदौरियत का पर्याय संभव नहीं। यह अलग है और बहुत खास। यहां आइए और इसे महसूस भी कीजिए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें